हरियाणा में शराब काअहाता न खोलने पर मैनेजर की हत्या
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में अहाता न खोलने पर मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शादी से आए युवकों ने लाठी-डंडों से हमला किया, आरोपी फरार हैं।
अहाता न खोलने पर मैनेजर की बेरहमी से हत्या
शादी समारोह से आए युवकों ने लाठी-डंडों से किया हमला
घटना के बाद आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक अहाता मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि यह घटना सेक्टर-3 पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक की पहचान आदेश यादव (30) निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो पिछले करीब एक साल से सेक्टर-3 स्थित अहाते में मैनेजर के रूप में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12 बजे पास के एक कम्युनिटी सेंटर में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान वहां से आए कुछ युवक अहाते पर पहुंचे और मैनेजर से अहाता खोलने की मांग करने लगे, ताकि वे अंदर बैठकर शराब पी सकें।
उस समय अहाता बंद हो चुका था। मैनेजर आदेश यादव ने नियमों का हवाला देते हुए अहाता खोलने से साफ मना कर दिया। इसी बात पर युवकों और मैनेजर के बीच बहस शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान मृतक का भाई सुमित भी मौके पर पहुंच गया। बहस कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई और गुस्साए युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में आदेश यादव को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। मौके पर खून से सना दृश्य देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Akhil Mahajan