• दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल कार लूटकांड की साजिश में शामिल मिला
कुरुक्षेत्र कार लूटकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल साजिश में शामिल मिला, जबकि एनकाउंटर में मुख्य आरोपी विशाल घायल हो गया।
• दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल कार लूटकांड की साजिश में शामिल मिला
• जर्मनी से डिपोर्ट आरोपियों ने बनाया था लूट, हत्या और रंगदारी का गैंग
• पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी विशाल घायल, 7 आरोपी गिरफ्तार
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में सामने आए चर्चित कार लूटकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात की साजिश में दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल भी शामिल था। आरोपी की पहचान कैथल जिले के जखौली गांव निवासी अजय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे पूंडरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अजय दिल्ली पुलिस में तैनात है। हालांकि उसकी आधिकारिक नियुक्ति और सेवा रिकॉर्ड की जांच अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह कार लूट की पूरी योजना तैयार करने वालों में शामिल था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने लूट, हत्या और रंगदारी जैसी वारदातों को अंजाम देने के लिए एक संगठित गैंग तैयार किया था। इस गैंग का नेटवर्क मुख्य आरोपी विशाल और निखिल उर्फ नकुल ने जर्मनी में रहते हुए तैयार किया था। निखिल करीब एक महीने पहले और विशाल 6 जून को जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत लौटे थे।
पुलिस के अनुसार 12 जून की रात गैंग ने अंबाला के टैक्सी चालक मंजीत कुमार को निशाना बनाया। चार युवकों ने कैथल जाने के लिए उसकी होंडा सिटी कार किराये पर बुक की। रात करीब 9:40 बजे जब गाड़ी पिहोवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152 पर अरुणाय कट के पास पहुंची तो आरोपियों ने पेशाब करने के बहाने वाहन रुकवा लिया।
जैसे ही कार रुकी, आगे बैठे युवक ने चालक की कनपटी पर देसी कट्टा तान दिया। जान से मारने की धमकी देकर उसे कार से नीचे उतार दिया गया। इसके बाद आरोपी कार और चालक का मोबाइल लेकर फरार हो गए।
लूट के बाद आरोपी हिसार के बरवाला क्षेत्र पहुंचे, लेकिन कार चालक से नियंत्रण नहीं होने के कारण वाहन खेत में उतर गया। इसके बाद आरोपी कार वहीं छोड़कर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले चरण में निखिल उर्फ नकुल, अभिषेक, अजय, जसकरण, कमलजीत उर्फ कमली और रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि निखिल ने ही वारदात की पूरी योजना बनाई थी और हथियार उपलब्ध कराए थे।
रविवार सुबह CIA-2 को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी विशाल और उसका साथी लविश पिहोवा क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस ने मुर्तजापुर गांव के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस वाहन में लगी जबकि दूसरी गोली एक जवान के बेहद करीब से निकली।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान विशाल के पैर में गोली लगी जबकि उसका साथी लविश मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल विशाल को इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार और चार खाली खोल बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस गैंग के अन्य संपर्कों तथा आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
pooja