हरियाणा में पेंशन घोटाला, फर्जी मोहर, लैटरहैड बरामद, सीएम फ्लाइंग स्‍कवायड ने मारी रेड़

हरियाणा में सीएम फ्लाइंग टीम ने रेड कर सरपंच की फर्जी मोहर, लेटर पैड और डबल पेंशन घोटाला पकड़ा। आरोपी सरवर पानू पर केस दर्ज।

हरियाणा में पेंशन घोटाला, फर्जी मोहर, लैटरहैड बरामद, सीएम फ्लाइंग स्‍कवायड ने मारी रेड़
हरियाणा में पेंशन घोटाला, फर्जी मोहर, लैटरहैड बरामद, सीएम फ्लाइंग स्‍कवायड ने मारी रेड़


➤ सीएम फ्लाइंग की रेड में उजागर हुआ डबल पेंशन घोटाला
➤ सरपंच की फर्जी मोहर, लेटर पैड और कई आधार-कार्ड बरामद
➤ आरोपी सरवर पानू के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस


हिसार जिले के गांव पुट्ठी सैमाण में सोमवार को सीएम फ्लाइंग टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सरवर पानू की फोटोस्टेट और स्टेशनरी दुकान पर छापा मारकर फर्जी दस्तावेज़ और डबल पेंशन घोटाले का पर्दाफाश किया। इस दौरान दुकान से सरपंच की नकली मोहर, फर्जी लेटर पैड, आधार कार्ड, जॉब कार्ड और अन्य दस्तावेज़ बरामद किए गए।

रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ एसआई महेंद्र, ईएसआई बलवान, एएसआई बलवान और एचसी विजय भी मौजूद रहे। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे गांव और आसपास के सीएससी संचालकों में हड़कंप मच गया।

टीम को मिली गुप्त सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई थी। जांच में पता चला कि दुकान संचालक सरवर पानू फर्जी दस्तावेज़ों के सहारे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाता और दिलवाता रहा है। यही नहीं, वह कई विभागों की नकली स्टांप और हस्ताक्षर भी तैयार करता था।

छापे के दौरान सरवर मौके पर नहीं मिला, लेकिन ऑपरेटर हरीश कुमार दुकान में मौजूद था। सरपंच धर्मपाल और हरीश की मौजूदगी में जांच की गई, जिसमें फर्जी कागज़ात बरामद हुए। इनमें सरपंच धर्मपाल के नाम से बनी नकली मोहर और लेटर पैड, कई आधार कार्ड, जॉब कार्ड और मृत्यु उपरांत अनुदान राशि के फार्म शामिल थे। सरपंच धर्मपाल ने मौके पर साफ कहा कि उनके नाम से मिली मोहर और हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी हैं।

जांच में बड़ा खुलासा तब हुआ जब टीम को सरवर के दो आधार कार्ड मिले। एक कार्ड में जन्मतिथि 15 अगस्त 1985 और दूसरे में 26 जनवरी 2000 दर्ज थी। इसके अलावा, अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र और मार्कशीट भी बरामद हुईं। जानकारी में सामने आया कि इसी आधार पर आरोपी ने दोनों नामों से पेंशन योजनाओं का लाभ उठाया। वह एक तरफ दिव्यांग पेंशन ले रहा था और दूसरी तरफ निराश्रित पेंशन।

इस फर्जीवाड़े से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था। सीएम फ्लाइंग टीम ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद आरोपी सरवर पानू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने कहा कि कोई भी सीएससी संचालक यदि फर्जी दस्तावेज़ या नकली स्टांप बनाता है तो यह गंभीर अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी