दादरी फायरिंग में घायल कीर्तिमान की मौत, 4 अभी वेंटिलेटर पर; थाने के सामने 30 राउंड फायरिंग में 7 लोग हुए थे घायल

चरखी दादरी थाने के सामने 30 राउंड फायरिंग में घायल कीर्तिमान काजला की मौत हो गई। हमले में सात लोग घायल हुए थे, चार अभी वेंटिलेटर पर हैं।

दादरी फायरिंग में घायल कीर्तिमान की मौत, 4 अभी वेंटिलेटर पर; थाने के सामने 30 राउंड फायरिंग में 7 लोग हुए थे घायल

गुरुग्राम के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान कीर्तिमान ने दम तोड़ा

थाने के सामने 7 लोगों पर बरसी थीं 30 राउंड गोलियां, तीन शूटरों ने किया था हमला

कीर्तिमान पर 10 से ज्यादा केस, सोशल मीडिया बायो में लिखा था- क्रिमिनल एक्टिविटीज


हरियाणा के चरखी दादरी में थाने के सामने हुई 30 राउंड फायरिंग के मामले में घायल कीर्तिमान काजला की इलाज के दौरान मौत हो गई। हिसार के टोकस गांव का रहने वाला कीर्तिमान हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसका गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसके पैर और गर्दन में तीन गोलियां लगी थीं। रविवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, हमले के बाद से ही कीर्तिमान होश में नहीं आ सका था।

6 अगस्त को चरखी दादरी सिटी थाने के सामने ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार सात लोगों पर तीन शूटरों ने गोलियां बरसा दी थीं। सातों लोग कोर्ट में एक जमीन से जुड़े मामले की पेशी के लिए आए थे। कोर्ट से निकलने के बाद ही बाइक सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो को निशाना बनाया। फायरिंग में सात लोग घायल हुए थे। इनमें से कीर्तिमान की हालत सबसे गंभीर थी। हमले में घायल चार लोग अभी भी वेंटिलेटर पर हैं।

हमले के बाद कीर्तिमान को रोहतक PGI में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार को उसकी मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर खुद को बताया था ‘क्रिमिनल एक्टिविटीज’

कीर्तिमान सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। उसने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल की बायो में ‘क्रिमिनल एक्टिविटीज’ लिखा हुआ था। उसके अकाउंट पर हथियारों के साथ कई तस्वीरें और पोस्ट भी शेयर की गई थीं।

एक पोस्ट में उसने लिखा था- ‘नाम और खौफ उसी का रहता है, जो वक्त के साथ चलता है।’ पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2023 में हथियारों के साथ फोटो सोशल मीडिया पर डालने के मामले में भी उसके खिलाफ FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद भी उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर हथियारों से जुड़ी कई पोस्ट सामने आती रहीं।

ग्रामीणों के अनुसार, कीर्तिमान स्कूल के समय से ही ग्रुप्स में चलता था। बाद में वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने लगा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हिसार के आजाद नगर सहित कई थानों में उसके खिलाफ 10 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। कीर्तिमान खुद को एचकेओ ग्रुप का सरगना भी बताता था।

कोर्ट से निकलते ही स्कॉर्पियो में बरसने लगीं गोलियां

6 अगस्त को कीर्तिमान अपने छह साथियों के साथ ब्लैक स्कॉर्पियो में कोर्ट आया था। सभी एक जमीन से जुड़े मामले में पेशी के लिए पहुंचे थे। कोर्ट से निकलने के बाद वे गाड़ी में बैठे ही थे कि बाइक पर आए तीन शूटरों ने फायरिंग शुरू कर दी।

कीर्तिमान स्कॉर्पियो की फ्रंट सीट पर बैठा था। हमलावरों ने गाड़ी को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। देखते ही देखते थाने के सामने अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस जांच में सामने आया था कि हमलावर अमित फतेहगड़ियां को मारने आए थे। अमित को इस हमले में सात गोलियां लगी थीं। गंभीर हालत में उसे भी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अमित के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

घायलों के शरीर से निकलीं 20 गोलियां और छर्रे

फायरिंग में घायल सातों लोगों को शुरुआत में रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में कीर्तिमान और अमित फतेहगड़ियां को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों की टीम ने घायल पांच लोगों का ऑपरेशन किया।

इलाज के दौरान कीर्तिमान के पैर और गर्दन से 3 गोलियां निकाली गईं। कृष्ण के हाथ, पैर और छाती से 4 गोलियां निकलीं। अमित फतेहगड़ियां की कमर और पैरों से 7 गोलियां निकाली गईं। अंकित मानकावास की छाती, कमर और कूल्हे के पास से 4 गोलियां निकलीं। अंकित भिवानी के पैर और पेट से 2 गोलियां निकलीं।

सूरज मानहेरू और हिसार के विजय उर्फ सन्नी के पैरों से छर्रे निकाले गए। इस तरह घायलों के शरीर से कुल 20 गोलियां और छर्रे निकाले गए।

हिसार के सन्नी का भी चल रहा इलाज

इस गैंगवार में हिसार के गांव गंगवा का रहने वाला सन्नी भी घायल हुआ था। उसका अभी इलाज चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, सन्नी नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ एक-दो मामले दर्ज हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, सन्नी टोकस गांव निवासी कीर्तिमान काजला के संपर्क में रहता था।

पुलिस ने पकड़े थे तीन बदमाश

फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोहित कातिया को मुठभेड़ में पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया था कि फायरिंग की पूरी प्लानिंग घटना से एक दिन पहले ही की गई थी। उसके साथ दो अन्य साथी भी मौजूद थे।

इस मामले में अब तक तीन बदमाश गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस गैंगवार में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है।

अब 3 पॉइंट में समझिए पूरी वारदात

1. कोर्ट से निकलते ही हमला: चरखी दादरी शहर में सिटी थाने के सामने ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार सात लोगों पर बाइक से आए तीन बदमाशों ने फायरिंग की थी। सातों लोग जमीन से जुड़े मामले में कोर्ट की पेशी के लिए आए थे। कोर्ट से निकलते ही उन पर हमला हुआ।

2. अमित फतेहगड़ियां था निशाने पर: पुलिस जांच में सामने आया था कि बदमाश अमित फतेहगड़ियां को मारने आए थे। उसे सात गोलियां लगी थीं। हालत गंभीर होने पर उसे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अमित पर भी अलग-अलग थानों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

3. घटना से एक दिन पहले बनाई थी प्लानिंग: पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में पकड़े गए रोहित कातिया ने पूछताछ में बताया था कि फायरिंग की पूरी प्लानिंग घटना से एक दिन पहले की गई थी। उसके साथ दो अन्य साथी भी इस वारदात में शामिल थे।

कीर्तिमान की मौत के बाद हत्या की धारा जोड़ी

कीर्तिमान की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। पुलिस टीम अब गैंगवार में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

थाने के सामने दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग में सात लोगों को निशाना बनाया गया था। अब कीर्तिमान की मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस पहले ही तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।