भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत समारोह में जेबकतरों का धावा, 20 कार्यकर्ताओं के मोबाइल और नकदी चोरी

गुरुग्राम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के स्वागत समारोह के दौरान 15 से 20 कार्यकर्ताओं के मोबाइल, नकदी और दस्तावेज चोरी हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

 भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत समारोह में जेबकतरों का धावा, 20 कार्यकर्ताओं के मोबाइल और नकदी चोरी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत समारोह में जेबकतरों ने बनाया निशाना

15 से 20 कार्यकर्ताओं के मोबाइल, नकदी और दस्तावेज चोरी

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, पेशेवर गिरोह पर शक


गुरुग्राम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के स्वागत समारोह के दौरान जेबकतरों के एक शातिर गिरोह ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शनिवार को मानेसर, पटौदी और पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता के कार्यक्रमों में भीड़ का फायदा उठाकर करीब 15 से 20 कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन, नकदी, पर्स और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए गए। घटना के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार न्यू गुरुग्राम जिला पहुंचीं डॉ. अर्चना गुप्ता के स्वागत के लिए तीन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। मानेसर में मुख्य कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। इसी दौरान फोटो खिंचवाने और स्वागत करने की होड़ में जेबकतरों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए कई लोगों की जेब साफ कर दी।

न्यू गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता।

मामले में मानेसर थाने में कम से कम पांच कार्यकर्ताओं ने मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। चोरी हुए सामान में महंगे स्मार्टफोन, नकदी, पर्स, क्रेडिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल बताए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान एक वार्ड पार्षद की जेब से करीब 20 हजार रुपये नकद भी निकाल लिए गए। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपनी जेब कटने का पता तब चला, जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने अपना मोबाइल या पर्स निकालने की कोशिश की।

इसी तरह की वारदात पटौदी विधायक बिमला देवी के कार्यक्रम और एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता के स्वागत कार्यक्रम में भी सामने आई। वहां भी कई कार्यकर्ताओं और नेताओं के मोबाइल तथा पर्स चोरी हो गए। हालांकि कुछ पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई, जबकि जिनके मोबाइल और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हुए, उन्होंने औपचारिक शिकायत दी है।

घटना के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और कार्यक्रम स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

मानेसर थाना प्रभारी सुधीर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी पेशेवर जेबकतरा गिरोह के शामिल होने की आशंका है। ऐसे गिरोह अक्सर बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।