हिमाचल प्रदेश केचंबा में दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो; सात लोगों की मौ*त
हिमाचल प्रदेश के चंबा में मुंडन संस्कार से लौट रहे सात लोगों की बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सभी सात लोगों की मौत हो गई।
मुंडन संस्कार से लौट रहे सात लोगों की बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिरी
हादसे में तीन महिलाओं समेत सभी सात लोगों की मौके पर मौत
प्रशासन ने जांच शुरू की, दुर्घटना के कारणों की पड़ताल जारी
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के समीप एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो (एचपी-01सी-2581) में ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के छह लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। इनके अलावा वाहन चालक भी गाड़ी में मौजूद था। सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब वाहन छतरूंड के समीप पहुंचा तो अचानक चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया। इसके बाद बोलेरो सड़क से नीचे लुढ़कती हुई करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी सात शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन सड़क की स्थिति, वाहन की रफ्तार तथा किसी संभावित तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने सपरोठ पंचायत को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही गांव के सात लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
pooja