Breaking: पूरी बस पहाड़ी से गिरे मलबे में दबी, 15 के शव बरामद, 30 थे सवार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में झंडूता के भल्लू पुल के पास भूस्खलन से बस दब गई। हादसे में 15 लोगों की मौत की खबर है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने शोक जताते हुए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
➤ बिलासपुर में दर्दनाक हादसा, झंडूता के भल्लू पुल पर भूस्खलन से बस दबी
➤ मलबे की चपेट में आने से 15 लोगों की मौत, 30 सवार थे बस में
➤ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया शोक, राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के बालूघाट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भूस्खलन की चपेट में आने से एक निजी बस पूरी तरह मलबे में दब गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30 लोग सवार थे, जिनमें से 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
यह हादसा भल्लू पुल के समीप बरठीं क्षेत्र में उस समय हुआ, जब अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा बस पर गिर पड़ा। देखते ही देखते बस पूरी तरह मलबे में समा गई। स्थानीय प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और NDRF की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहाड़ी पर पहले से दरारें थीं और लगातार बारिश के कारण मिट्टी ढीली हो चुकी थी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के पहुंचने से पहले ही अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया था।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक, राहत कार्यों की निगरानी जारी
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
सीएम सुक्खू ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने, और इलाज की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला से वह स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
Akhil Mahajan