भिवानी में 78 करोड़ के विकास कार्यों के बीच सीएम का बड़ा ऐलान, ई-लाइब्रेरी और नई मंडी का ऐलान

भिवानी के बवानीखेड़ा में सीएम नायब सिंह सैनी ने 78 करोड़ की 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया और ई-लाइब्रेरी समेत कई घोषणाएं कीं।

भिवानी में 78 करोड़ के विकास कार्यों के बीच सीएम का बड़ा ऐलान, ई-लाइब्रेरी और नई मंडी का ऐलान

बवानीखेड़ा में 78 करोड़ की 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
ई-लाइब्रेरी, नई अनाज मंडी और महर्षि वाल्मीकि भवन की घोषणा
25 बेड का आयुर्वेदिक अस्पताल और 5 करोड़ से खेड़ा के गांवों का विकास

भिवानी जिले के बवानीखेड़ा की अनाज मंडी में रविवार को विकास संकल्प जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करीब 78 करोड़ रुपए की लागत वाली 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई अहम घोषणाएं भी कीं।

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम में हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। इनमें से पांच मेडल भिवानी जिले के खिलाड़ियों ने जीते हैं। मुख्यमंत्री ने जिले के खिलाड़ियों का भी अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव खरक कलां में महिला कॉलेज, रेवाड़ी खेड़ा में 33 केवी स्टेशन और बवानीखेड़ा में मंडी बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बवानीखेड़ा में ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा नई अनाज मंडी बनाई जाएगी और बवानीखेड़ा में महर्षि वाल्मीकि भवन का निर्माण करवाया जाएगा। नगर पालिका कार्यालय के निर्माण की भी घोषणा की गई।

सीएम सैनी ने की अहम घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि कलिंगा में महाराणा कम्युनिकेशन सेंटर व जल घर, गांव मढाणा और मुंढाल कलां में पार्क, जाटूलुहारी में स्टेडियम तथा तिडलाना और घनाना खेल पर 50-50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

सीएम सैनी ने कहा कि बवानीखेड़ा की पीडब्ल्यूडी सड़कों की रिपेयर करवाई जाएगी। इसके साथ ही 25 किलोमीटर के खेत खलिहान के कच्चे रास्तों को बनवाया जाएगा। खेड़ा के गांवों के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।

वहीं, सीएम की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने अग्निशमन यूनियन के जिला प्रधान अजय शेओरान, नगर परिषद इकाई प्रधान जयहिंद पहलवान और राज्य उप सचिव पुरूषोत्तम दानव को थाने में बैठा लिया है।

25 बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल का होगा शिलान्यास

मुख्यमंत्री गांव प्रेमनगर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम से बनने वाले 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना पर 9 करोड़ 59 लाख 93 हजार रुपए खर्च होंगे।

इसके अलावा गांव नाथूवास से गुजरानी होते हुए बामला तक 3.20 किलोमीटर लंबी नई लिंक रोड का शिलान्यास किया जाएगा। इस सड़क परियोजना पर करीब 1 करोड़ 58 लाख 59 हजार रुपए की लागत आएगी।

स्कूल भवन और तहसील परिसर का उद्घाटन

मुख्यमंत्री गांव गुजरानी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन करेंगे। इस भवन पर 3 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपए खर्च हुए हैं।

वहीं, कलिंगा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का भी उद्घाटन होगा। इस भवन के निर्माण पर 2 करोड़ 62 लाख 77 हजार रुपए की लागत आई है।

खेड़ा में तहसील परिसर समेत कई परियोजनाएं

सिवानी उपमंडल के गांव खेड़ा में तहसील कार्यालय परिसर, कैनाल रेस्ट हाउस और स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग का उद्घाटन किया जाएगा। इस परियोजना पर 16 करोड़ 98 लाख 17 हजार रुपए खर्च हुए हैं।

इसके अलावा बवानीखेड़ा कस्बे की जलापूर्ति योजना के तहत स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने वाली परियोजना का भी उद्घाटन होगा। इस पर 29 करोड़ 89 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।

मुख्यमंत्री गांव बलियाली में करीब 4 करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला भी रखेंगे।

जनसभा स्थल पर लोगों के स्वागत के लिए ढोल बजाते कलाकार नजर आए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जनसभा में आने वाले लोगों की तलाशी भी ली गई। कार्यक्रम में हरियाणवी कलाकार अमित सैनी रोहतकीय भी पहुंचे। बवानीखेड़ा पहुंचने पर स्थानीय भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।