भिवानी में दुकानदार से मांगी 1 लाख रुपए की फिरौती, 2 नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार

भिवानी में एक दुकानदार से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग और एक युवक शामिल है।

भिवानी में दुकानदार से मांगी 1 लाख रुपए की फिरौती, 2 नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार

➤ भिवानी में दुकानदार से मांगी गई एक लाख की फिरौती
➤ पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, दो नाबालिग शामिल
➤ रेकी कर बोर्ड से लिया मोबाइल नंबर, फिर कॉल कर दी धमकी


भिवानी जिले में एक दुकानदार से रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो नाबालिग और एक बालिग युवक शामिल है। आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की और वहां लगे बोर्ड से मोबाइल नंबर नोट किया। इसके बाद उसी नंबर पर कॉल करके एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

डीएसपी महेश कुमार।

डीएसपी महेश कुमार ने बताया कि 21 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे दिनोद गेट पुलिस चौकी में प्यारे लाल हलवाई मिष्ठान भंडार के संचालक विजय कुमार बंसल ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात कॉलर ने फोन पर धमकी दी कि अगर एक लाख रुपये नहीं दिए गए तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस ने केस दर्ज किया और आरोपियों की तलाश के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। इनमें एक टीम को साइबर तकनीकी सहयोग, दूसरी को आरोपियों की तलाश और तीसरी को शिकायतकर्ता से अधिक से अधिक इनपुट जुटाने का काम सौंपा गया।

तीनों टीमों की संयुक्त कार्रवाई के बाद सिटी थाना पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में ढाणा रोड निवासी युवराज और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों ने दुकानों के बोर्ड से मोबाइल नंबर लेकर फिरौती की योजना बनाई थी।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस वारदात के पीछे और भी किसी बड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।