"महिलाओं का का सुपरफूड","हार्मोन से हड्डियों तक जबरदस्त फायदे"
अलसी, चिया, कद्दू और सूरजमुखी के बीज महिलाओं की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। ये हार्मोन, हड्डियों, दिल और पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।
महिलाओं की सेहत के लिए अलसी, चिया, कद्दू और सूरजमुखी के बीज बेहद फायदेमंद
हार्मोन संतुलन, हड्डियों की मजबूती और दिल की सेहत में मददगार हैं ये सीड्स
फाइबर, ओमेगा-3, आयरन और कैल्शियम जैसे जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत
महिलाओं की अच्छी सेहत के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार बेहद जरूरी माना जाता है। हालांकि आधुनिक जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के कारण कई महिलाएं अपने भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल नहीं कर पातीं। यही वजह है कि महिलाओं में आयरन, कैल्शियम, ओमेगा-3 फैटी एसिड और फाइबर की कमी का खतरा अधिक देखा जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, डाइट में कुछ खास सीड्स (बीज) को शामिल करके शरीर को जरूरी पोषक तत्व आसानी से उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इनकी थोड़ी मात्रा भी शरीर को फाइबर, हेल्दी फैट, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट प्रदान कर सकती है। आइए जानते हैं महिलाओं के लिए कौन-कौन से बीज सबसे ज्यादा फायदेमंद माने जाते हैं।
अलसी के बीज हार्मोन और दिल की सेहत के लिए लाभकारी
अलसी के बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर और लिग्नान का अच्छा स्रोत माने जाते हैं। नियमित और संतुलित मात्रा में इनका सेवन हृदय स्वास्थ्य और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि अलसी में मौजूद लिग्नान हार्मोन संबंधी समस्याओं को कम करने में सहायक हो सकता है। खासकर मेनोपॉज के बाद महिलाओं में बढ़ने वाले हृदय रोगों के खतरे को कम करने में भी यह मददगार माना जाता है।
चिया सीड्स हड्डियों को बनाते हैं मजबूत
चिया सीड्स महिलाओं के लिए सबसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों में से एक माने जाते हैं। इनमें फाइबर, पौध-आधारित प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में पाया जाता है।
इनमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है। इसके अलावा चिया सीड्स में मौजूद कैल्शियम और मैग्नीशियम हड्डियों की मजबूती और स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।
कद्दू के बीज से पूरी हो सकती है आयरन की कमी
महिलाओं में अक्सर आयरन की कमी और एनीमिया की समस्या देखी जाती है। ऐसे में कद्दू के बीज फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इनमें मैग्नीशियम, जिंक, आयरन और हेल्दी फैट अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं।
कद्दू के बीज शरीर में आयरन की पूर्ति करने में मदद कर सकते हैं। साथ ही इनमें मौजूद मैग्नीशियम मांसपेशियों और तंत्रिका तंत्र के सामान्य कार्यों को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सूरजमुखी के बीज शरीर को देते हैं एंटीऑक्सीडेंट सुरक्षा
सूरजमुखी के बीज विटामिन-ई, सेलेनियम और हेल्दी फैट का अच्छा स्रोत माने जाते हैं। विटामिन-ई एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में मदद करता है।
इन बीजों में प्रोटीन और फाइबर भी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, सूरजमुखी से प्राप्त पोषक तत्व हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी सहायक हो सकते हैं।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि इन बीजों का सेवन संतुलित मात्रा में और स्वस्थ आहार के हिस्से के रूप में किया जाना चाहिए। किसी भी विशेष स्वास्थ्य समस्या या चिकित्सकीय स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
pooja