मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी में करीब 10 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की रखी आधारशिला

मंत्री श्रुति चौधरी ने तोशाम में 10 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी और किसाऊ बांध से यमुना में 1300 क्यूसेक पानी आने की बात कही।

मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी में करीब 10 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की रखी आधारशिला

श्रुति चौधरी ने तोशाम में करीब 10 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की रखी आधारशिला
➤ किसाऊ बांध से यमुना में आएगा करीब 1300 क्यूसेक पानी, टेल तक किसानों को पानी मिलने की कही बात
➤ नहरी तंत्र के आधुनिकीकरण के लिए 6000 करोड़ की परियोजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने की जानकारी दी

भिवानी: हरियाणा की मंत्री श्रुति चौधरी मंगलवार को भिवानी के तोशाम पहुंचीं। यहां महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित आंगन मिलन समारोह एवं सेवा संकल्प अभियान में उन्होंने क्षेत्रवासियों को करीब 10 करोड़ रुपए की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान गांव रिवासा में खेल ट्रैक, गांव धारण में बैक्वर्ड क्लास चौपाल, निंगाणा में सामुदायिक भवन तथा गांव संडवा, बुडान, छपार राढय़ान, जोगियान और गारनपुरा में सड़कों के चौड़ा करने और निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।

समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचीं श्रुति चौधरी ने किसाऊ बांध परियोजना का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसाऊ बांध के सिरे चढ़ने से यमुना में करीब 1300 क्यूसेक पानी आएगा। इससे यमुना के टेल यानी अंतिम छोर तक बैठे किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार पूरा पानी सुनिश्चित हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, बच्चों और स्वयं सहायता समूहों को सही पोषण, स्वास्थ्य और एनीमिया के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विभिन्न 19 विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों और स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

तोशाम में 10 करोड़ की लागत से बनेगा बाईपास

श्रुति चौधरी ने कहा कि तोशाम क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से तोशाम बाईपास के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जा रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र के 6 गांवों समेत अन्य ग्रामीण अंचलों को आपस में जोड़ने वाली संपर्क सड़कों के नवीनीकरण और निर्माण कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास से जुड़े शेष कार्यों को आगामी दौर में पूरा किया जाएगा। सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को बेहतर बनाने और गांवों को आपस में जोड़ने में मदद मिलेगी।

नहरी तंत्र को मजबूत करने के लिए 6000 करोड़ की परियोजना

सिंचाई और जल संकट के स्थायी समाधान को लेकर मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि पूरे प्रदेश के नहरी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए विश्व बैंक की करीब 6000 करोड़ रुपए की वृहद परियोजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को बीते 13 अगस्त की कैबिनेट मीटिंग में मंजूरी मिल चुकी है।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत नहरी बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य पानी के रिसाव और बर्बादी को पूरी तरह रोकना है, ताकि नहरों के अंतिम छोर यानी टेल तक पानी पहुंचाया जा सके। मंत्री ने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

श्रुति चौधरी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं पूरे जल प्रबंधन और नहरी सुधार की व्यक्तिगत स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सरकार की ओर से नहरी तंत्र को मजबूत करने और पानी की बर्बादी रोकने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान वोट चोरी के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में श्रुति चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये चर्म सीमा पर जा रहे हैं, जब इन्होंने कहा था वोट चोरी।

उन्होंने कहा कि अब तोशाम में ही गांव-गांव जाएं और देखें कि क्या कोई मानता है कि वोट चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले इस पर कार्रवाई करें और अगर तोशाम में ही कोई वोट चोरी हुई है तो यहीं से इसकी शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि इससे ही जवाब मिल जाएगा कि कांग्रेस का क्या चल रहा है।

इस दौरान मंत्री ने ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण, सिंचाई व्यवस्था और महिला एवं बाल विकास से जुड़े मुद्दों पर भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों और अधिकारियों से जानकारी ली।