दो बच्चों की मां ने किया सु*साइड, भाई बोला- शराब के नशे में पति करता था मारपीट
भिवानी के मिलकपुर गांव में दो बच्चों की मां मित्तल ने फांसी लगाकर जान दे दी। भाई ने पति पर शराब के नशे में मारपीट और परेशान करने का आरोप लगाया।
भिवानी के मिलकपुर गांव में दो बच्चों की मां मित्तल ने फांसी लगाकर जान दी
➤ भाई सोनू का आरोप- पति विरेंद्र शराब के नशे में अक्सर बहन से मारपीट करता था
➤ पुलिस ने पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर जांच शुरू की
भिवानी के मिलकपुर गांव में पति की कथित मारपीट से परेशान होकर एक महिला द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला दो बच्चों की मां थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसका पति शराब का आदी था और नशे की हालत में उसके साथ अक्सर मारपीट करता था। परिजनों के मुताबिक, इसी परेशानी के चलते महिला ने यह कदम उठाया।
मृतक महिला की पहचान गांव मिलकपुर निवासी मित्तल (30) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद बवानीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के भाई सोनू की शिकायत के आधार पर उसके पति विरेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाई बोला- शादी के बाद लगातार होते थे झगड़े
मृतका के भाई गांव सिपर निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत और जानकारी में बताया कि उसकी बहन मित्तल की शादी मिलकपुर निवासी विरेंद्र के साथ हुई थी। सोनू के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था।
सोनू ने आरोप लगाया कि उसका जीजा विरेंद्र शराब का आदी था। वह शराब के नशे में अक्सर उसकी बहन मित्तल के साथ मारपीट करता था और उसे परेशान रखता था। भाई का कहना है कि इसी वजह से उसकी बहन ने यह कदम उठाया।
सोनू ने बताया कि शुक्रवार को उसके जीजा विरेंद्र का फोन आया और उसने बताया कि उसकी बहन की मौत हो गई है। इसके बाद परिवार के लोग मित्तल की ससुराल पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी बहन को मृत हालत में बेड पर लेटाया हुआ देखा।
मामले की जानकारी देता मृतका का भाई सोनू।
परिजनों ने इस घटना की जांच की मांग की है। भाई सोनू का कहना है कि उसकी बहन को लंबे समय से पति की कथित मारपीट और परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
परिजनों की शिकायत पर पति के खिलाफ केस
बवानीखेड़ा थाना के एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव मिलकपुर निवासी मित्तल नामक महिला ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
एसएचओ के अनुसार, मृतका के भाई सोनू की शिकायत पर मृतका के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया गया है। शिकायत में परिजनों ने आरोप लगाया है कि मित्तल का पति विरेंद्र उसके साथ अक्सर मारपीट करता था।
भिवानी के नागरिक अस्पताल में पहुंचे परिजन।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
प्राथमिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा
एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच अभी जारी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के कारणों का पता लगेगा।
परिजनों के अनुसार, महिला ने अपने घर के ही एक कमरे में फांसी लगाई थी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बवानीखेड़ा थाना के एसएचओ सुरेश कुमार।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद परिजन महिला के शव को लेकर गए। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
मृतका महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद लेकर जाते हुए परिजन।
Akhil Mahajan