स्नैपचैट पर हुई दोस्ती, पहली मुलाकात में गर्लफ्रेंड की हत्या!
बहादुरगढ़ में स्नैपचैट पर हुई दोस्ती के बाद युवती की हत्या मामले में पुलिस को बॉयफ्रेंड पर शक है। प्रेम प्रसंग और विवाद एंगल से जांच जारी है।
- स्नैपचैट पर हुई दोस्ती खूनी वारदात में बदली
- बहादुरगढ़ में युवती का गला काटकर मर्डर, बॉयफ्रेंड पर शक
- पुलिस बोली- पीछे से हमला आसान नहीं, जांच कई एंगल से जारी
हरियाणा के बहादुरगढ़ में हुई 18 वर्षीय युवती मधु उर्फ चांदनी की हत्या मामले में पुलिस जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। शुरुआती जांच में अब शक की सुई घायल युवक अभिषेक की ओर घूमती नजर आ रही है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि अभिषेक ने पहले चांदनी की हत्या की और बाद में खुद पर हमला कर सुसाइड की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार मृतका के गले पर तेजधार हथियार से गहरा कट मिला है, जबकि अभिषेक के गले और हाथ पर भी चोटों के निशान हैं। युवक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है, जिसके कारण उससे विस्तार से पूछताछ नहीं हो सकी है।
जांच में सामने आया कि मृतका का असली नाम चांदनी था, लेकिन अभिषेक उसे प्यार से मधु कहकर बुलाता था। दोनों की दोस्ती करीब चार महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर हुई थी। बाद में दोनों फेसबुक और कॉलिंग के जरिए लगातार संपर्क में रहने लगे।
चांदनी मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी। उसका परिवार कई वर्षों से बहादुरगढ़ के शक्ति नगर इलाके में रह रहा है। वहीं आरोपी युवक अभिषेक फतेहाबाद जिले के समैन गांव का निवासी बताया गया है। उसका छोटा भाई बहादुरगढ़ में मामा के घर रहता है, जिसके चलते अभिषेक का यहां आना-जाना लगा रहता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि चांदनी के परिवार ने उसका रिश्ता बिहार में कहीं और तय कर दिया था। इसी बात को लेकर अभिषेक नाराज चल रहा था। शुक्रवार को चांदनी ने ही अभिषेक को बहादुरगढ़ मिलने के लिए बुलाया था।
बताया जा रहा है कि अभिषेक सुबह टोहाना से ट्रेन पकड़कर बहादुरगढ़ पहुंचा। इसके बाद दोनों ताऊ देवीलाल पार्क और नहर किनारे पहुंचे। यहां पहले दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन कुछ देर बाद विवाद शुरू हो गया।
प्राथमिक जांच के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस को आशंका है कि अभिषेक ने पहले चांदनी पर तेजधार हथियार से हमला किया और बाद में खुद पर भी वार कर लिया। चांदनी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बहादुरगढ़ के DCP मयंक मिश्रा ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जिस जगह दोनों बैठे थे, वहां पीछे पार्क की दीवार थी। ऐसे में किसी तीसरे व्यक्ति का पीछे से आकर हमला करना आसान नहीं लगता। यही वजह है कि पुलिस अभिषेक की भूमिका को गंभीरता से जांच रही है।
डीसीपी के मुताबिक, घटना वाले दिन चांदनी अपनी दो सहेलियों के साथ बाजार गई थी। पुलिस ने जब सहेलियों के मोबाइल चैट खंगाले तो कुछ अहम सुराग मिले। इसके बाद जांच का फोकस अभिषेक की तरफ बढ़ गया। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और सुसाइड एंगल समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Akhil Mahajan