ज्वेलरी शोरूम से लाखों की चोरी, मास्क-ग्लव्ज पहन 6 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

बहादुरगढ़ में ज्वेलरी शोरूम से 10 लाख की चोरी। मास्क-ग्लव्ज पहन 6 बदमाशों ने वारदात की, लोगों ने पथराव किया, CCTV में घटना कैद।

ज्वेलरी शोरूम से लाखों की  चोरी,  मास्क-ग्लव्ज पहन 6 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
  • बहादुरगढ़ में ज्वेलरी शोरूम से करीब 10 लाख की चोरी
  • मास्क-ग्लव्ज पहनकर 6 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
  • आवाज सुनकर जागे लोगों ने की पथराव, 3 किलो चांदी लेकर फरार

हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में देर रात एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपए की चोरी को अंजाम दिया। यह वारदात अशोक नगर क्षेत्र के बराही फाटक स्थित डीसी ज्वेलरी शोरूम में हुई। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आया है।

दुकान के अंदर घुसकर काउंटर के पास जाता बदमाश।

जानकारी के मुताबिक, 6 बदमाश मास्क और ग्लव्ज पहनकर शोरूम की गली से अंदर घुसे। बदमाशों ने लोहे की नुकीली चीज से शोरूम का ताला तोड़ा और अलग-अलग तरीके से दुकान में एंट्री ली। शोरूम संचालक का कहना है कि आरोपी करीब 3 किलो चांदी और कुछ सोने की ज्वेलरी चोरी कर ले गए। नुकसान का अभी आकलन किया जा रहा है

अपनी जैकेट में रुपए रखता हुआ बदमाश।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ बदमाश दुकान के बाहर निगरानी करते रहे, जबकि अन्य अंदर घुसकर काउंटर और अलमारियों को खंगालते रहे। एक बदमाश सीधे काउंटर के पास पहुंचा और नकदी समेटने लगा, जबकि बाकी बदमाश सोने-चांदी की ज्वेलरी बैग में भरते रहे

शोरूम से डब्बे से सोने की ज्वेलरी चुराता बदमाश।

वारदात के बाद बदमाशों ने आसपास के मकानों के गेट बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई बाहर न निकल सके। हालांकि, बदमाशों की आवाज सुनकर कुछ लोग जाग गए और छतों पर चढ़कर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। इससे घबराकर बदमाश मौके से फरार हो गए।

सुबह जब शोरूम संचालक मौके पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ और अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बहादुरगढ़ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि यदि पड़ोसियों ने समय रहते पथराव नहीं किया होता, तो बदमाश और ज्यादा ज्वेलरी चोरी कर सकते थे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।