पोस्टमॉर्टम के बीच केंद्रीय मंत्री खट्टर पहुंचे: ASI की पत्नी को नौकरी, बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी
रोहतक में ASI संदीप लाठर की आत्महत्या मामले में IAS अमनीत पी. कुमार समेत चार लोगों पर FIR दर्ज हुई। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने परिवार को सरकारी नौकरी और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन दिया।
➤रोहतक में ASI संदीप लाठर का पोस्टमॉर्टम जारी
➤केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने परिवार को दी सहायता का आश्वासन
➤IPS पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी कुमार समेत चार पर FIR दर्ज
हरियाणा के रोहतक में साइबर सेल के ASI संदीप लाठर की आत्महत्या के मामले में गुरुवार सुबह PGI शवगृह में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, यह प्रक्रिया सुबह 8 बजे तय समय पर शुरू नहीं हो सकी क्योंकि परिजन मौके पर देर से पहुंचे। पुलिस अधिकारी सुबह से ही वहां मौजूद थे।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी PGI रोहतक पहुंचे और उन्होंने दिवंगत ASI के परिवार से मुलाकात की। खट्टर ने कहा कि ASI संदीप की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाएगी और सरकार उनके बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में वह मुख्यमंत्री नायब सैनी से व्यक्तिगत तौर पर बात करेंगे।
ASI संदीप लाठर की बेटी ने पिता के लिए न्याय की मांग की
सरकार से बोली—मेरे पिता बहादुर थे, मेहनत से इस मुकाम तक पहुंचे
पोस्टमॉर्टम के बाद रोहतक से जुलाना में होगा अंतिम संस्कार
रोहतक | हरियाणा पुलिस के ASI संदीप लाठर आत्महत्या केस में अब परिजनों का दर्द और गुस्सा सामने आ रहा है। संदीप लाठर की बेटी प्रतिमा ने कहा कि उनके पिता ने पूरे परिवार को अपनी मेहनत और ईमानदारी से संभाला। जब घर में मुश्किलें थीं, तो उन्होंने हार नहीं मानी, लेकिन अब तनाव और दबाव ने उन्हें तोड़ दिया।
प्रतिमा ने भावुक होकर कहा — “मेरे पिता बहादुर थे। जब दादा की डेथ हुई, कोई घर संभालने वाला नहीं था। उन्होंने ही संभाला। मेहनत के बूते यहाँ पहुंचे, लेकिन अब वह टेंशन में थे। उनके साथ सरकार न्याय करे।”
उनके इस बयान के बाद परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि ASI संदीप लाठर एक ईमानदार अधिकारी थे, और उनकी मौत के पीछे जो भी जिम्मेदार हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी रोहतक पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ASI की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाएगी और बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले पर मुख्यमंत्री नायब सैनी से बात करेंगे।
वहीं, पुलिस ने दिवंगत IPS वाई. पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत कुमार, विधायक अमित रतन, एचसी सुशील कुमार और एसआईएस सुनील कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं जोड़ी गई हैं।
प्रशासन ने बताया कि आज जुलाना (जींद) में एएसआई संदीप का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मामला तब और गंभीर हो गया जब परिजनों ने दिवंगत IPS वाई. पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी. कुमार और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। परिवार का कहना था कि जब तक केस दर्ज नहीं होगा, वे पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे। देर रात पुलिस ने आखिरकार IAS अमनीत पी कुमार, AAP विधायक अमित रतन, HC सुशील कुमार और SIS सुनील कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक षड्यंत्र समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद ही परिवार पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुआ।
रात को ही ASI का शव उनके मामा के गांव लाढ़ौत से PGI मॉर्चरी लाया गया। प्रशासन ने बताया कि अंतिम संस्कार आज दोपहर 12 बजे जुलाना (जींद) में किया जाएगा, जो ASI संदीप लाठर का पैतृक गांव है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लाढ़ौत, PGI और जुलाना में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, एफआईआर में दिवंगत IPS पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी. कुमार, उनके साले और पंजाब के AAP विधायक अमित रतन, तथा दो पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने ASI की पत्नी संतोष के बयान, सुसाइड नोट और आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो को साक्ष्य के रूप में शामिल किया है।
हालांकि, FIR की कॉपी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सरकार की ओर से इस पर सख्त हिदायत है। परिजन और ग्रामीण देर रात तक एफआईआर की कॉपी मांगते रहे। उन्हें भरोसा दिया गया कि गुरुवार सुबह कॉपी दे दी जाएगी, लेकिन अब तक वह उपलब्ध नहीं कराई गई है।
देर रात सीएम कार्यालय से ओएसडी वीरेंद्र सिंह, एएसपी शशि शेखर और एसडीएम आशीष कुमार भी लाढ़ौत गांव पहुंचे थे। उन्होंने बंद कमरे में परिजनों के साथ लंबी बैठक की और बताया कि एफआईआर दर्ज हो चुकी है। काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए।
गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर ASI संदीप लाठर ने धामड़ रोड स्थित मामा के खेत में बने कोठड़े की छत पर सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने इससे पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया और चार पेज का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें IPS पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे।
Author1