डायलसिस के लिए जा रहे थे बाप-बेटी, तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदी बाइक, दोनों की मौत
रोहतक के किलोई-पोलंगी रोड पर तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार बाप-बेटी को कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी।
• रोहतक में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार बाप-बेटी की मौके पर मौत
• तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आए, ड्राइवर हादसे के बाद फरार
• शव हुए क्षत-विक्षत, पुलिस ने जांच शुरू की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
रोहतक में किलोई-पोलंगी रोड पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार बाप-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रोहतक पीजीआई के डेड हाउस भेज दिया है।
मृतकों की पहचान गांव मौजपुर फरमाना, जिला सोनीपत के निवासी जगदीप और उनकी करीब 14 वर्षीय बेटी दीक्षा के रूप में हुई है। दोनों निजी अस्पताल में डायलिसिस करवाने जा रहे थे। रास्ते में गांव किलोई-पोलंगी रोड पर उनकी बाइक को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयावह थी कि हाइवा के टायरों से कुचले जाने के कारण दोनों शव क्षत-विक्षत हो गए। सड़क पर दूर-दूर तक मांस के टुकड़े बिखरे पड़े थे, जिसे देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।
सदर थाना एसएचओ सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हाइवा चालक की तलाश जारी है। मृतकों के परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author1