आखिर क्यों लगानी पड़ी लुटेरों को पुलिस के सामने उठक- बैठक, जानें
पंचकूला में ऑटो में सवार बुजुर्ग से लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने नाक रगड़कर माफी मांगी और भविष्य में अपराध न करने की बात कही।
• ऑटो में सवार बुजुर्ग से चाकू की नोक पर लूट
• गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने नाक रगड़कर मांगी माफी
• क्राइम ब्रांच बोली– वीडियो हमारी कस्टडी में नहीं बना
हरियाणा के पंचकूला में एक बुजुर्ग को ऑटो में बैठाकर चाकू की नोक पर कैश और मोबाइल लूटने वाले दो शातिर बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद अजीब नजारा देखने को मिला। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद दोनों ने नाक रगड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसा अपराध न करने का वादा किया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस का कहना है कि उन्होंने अपनी कस्टडी में किसी से ऐसा काम नहीं करवाया, लेकिन वीडियो में दिख रहे दोनों वही आरोपी हैं जिन्हें लूट के मामले में पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, पंजाब के मोहाली के जीरकपुर निवासी धर्मपाल सिंह ने शिकायत दी कि 31 अक्टूबर की रात वह बलटाना जाने के लिए एक ऑटो में बैठे थे। ऑटो में ड्राइवर के साथ एक अन्य युवक भी था। रास्ते में दोनों ने ऑटो को पंचकूला सेक्टर-23 की सुनसान जगह पर रोककर चाकू की नोक पर उनसे मोबाइल और 1600 रुपये लूट लिए और वहां से भाग गए।
शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 इंचार्ज मुकेश सैनी की टीम ने 2 नवंबर को सेक्टर-20 श्मशान घाट के पास से दो संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने लूट की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी ऑटो में सवारियां बैठाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों की पहचान कुलदीप (32) निवासी मोहाली, मूल निवासी हिसार और राकेश उर्फ बल्लू, निवासी जीरकपुर (मूल रूप से मुरादाबाद, यूपी) के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल, ऑटो और चाकू बरामद किया।
दोनों आरोपियों ने उठक-बैठक लगाते हुए अपने गुनाह कबूल किए और नाक रगड़कर माफी मांगी। उन्होंने वादा किया कि भविष्य में कभी अपराध नहीं करेंगे। इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत रहने और कानून का पालन करने की सलाह दी।
वीडियो वायरल होने पर जब पुलिस से पूछा गया तो क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी ने कहा कि उन्हें किसी वीडियो की जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों को शक के आधार पर पकड़ा गया था, और बाद में पूछताछ में उन्होंने लूट की बात कबूल की।
Author1