भारत सेमीफाइनल में, वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया
टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। संजू सैमसन ने नाबाद 97 रन की पारी खेली। अब 5 मार्च को इंग्लैंड से मुकाबला होगा।
■ भारत सेमीफाइनल में, 5 मार्च को इंग्लैंड से टक्कर
■ वेस्टइंडीज पर 5 विकेट से जीत, 196 रन का लक्ष्य हासिल
■ संजू सैमसन की नाबाद 97 रन की मैच विनिंग पारी
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर अंतिम-4 का टिकट हासिल किया। अब भारत का सामना 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में संजू सैमसन ने नाबाद 97 रन की जिम्मेदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और मैच के असली हीरो बने।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। रोस्टन चेज ने 40 रन की पारी खेली, जबकि जेसन होल्डर 37 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लेकर रनगति पर लगाम लगाने की कोशिश की, लेकिन आखिरी ओवरों में कैरेबियाई बल्लेबाजों ने तेजी दिखाई।
196 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन 10-10 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। तिलक वर्मा ने 15 गेंदों पर 27 रन बनाकर पारी को थोड़ी रफ्तार दी, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंदों में 18 रन जोड़े। शुरुआती झटकों के बावजूद एक छोर पर संजू सैमसन डटे रहे और संयम के साथ आक्रामक शॉट्स भी खेलते रहे।
सैमसन ने सूर्यकुमार यादव के साथ 35 गेंदों में 58 रन की अहम साझेदारी की। इसके बाद तिलक वर्मा के साथ 42 रन, हार्दिक पंड्या के साथ 38 रन और अंत में शिवम दुबे के साथ नाबाद 20 रन की साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। मैच का समापन उन्होंने रोमारियो शेफर्ड की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर किया और भारत को यादगार जीत दिलाई। उनकी 97 रन की नाबाद पारी ने टीम इंडिया के सेमीफाइनल अभियान को नई मजबूती दी है।
अब सबकी नजरें 5 मार्च को वानखेड़े में होने वाले भारत और इंग्लैंड के सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां फाइनल का टिकट दांव पर होगा।
Akhil Mahajan