फरीदाबाद में ‘हत्यारा’ युवक गिरफ्तार, स्कूटी पर लिखा था ‘420’

फरीदाबाद पुलिस ने ‘हत्यारा’ टी-शर्ट और ‘420’ स्कूटी वाले युवक को पकड़ा। आरोपी बोला—मुर्गा काटने के काम से जुड़ा हूं, इसलिए पहनी थी हत्यारा टी-शर्ट।

फरीदाबाद में ‘हत्यारा’ युवक गिरफ्तार, स्कूटी पर लिखा था ‘420’
  • ‘हत्यारा’ टी-शर्ट और ‘420’ लिखी स्कूटी वाला युवक गिरफ्तार

  • आरोपी बोला—मैं मुर्गा काटता हूं, इसलिए पहनी थी ‘हत्यारा’ टी-शर्ट

  • फरीदाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया शिकायत के बाद की कार्रवाई


फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने उस युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जो बीते हफ्ते से सोशल मीडिया पर अपनी अजीबोगरीब हरकतों के कारण चर्चा में था। युवक की एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें वह ‘हत्यारा’ लिखा टी-शर्ट पहने और ‘420’ नंबर प्लेट वाली इलेक्ट्रिक स्कूटी पर घूमता हुआ नजर आ रहा था।

वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में डर और असमंजस का माहौल बन गया था। शिकायतें मिलने पर डबुआ थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आरोपी युवक को आज गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में युवक की पहचान लखन (30) के रूप में हुई है, जो डबुआ कॉलोनी में मीट की दुकान चलाता है। पूछताछ में लखन ने बताया कि वह मुर्गा काटने का काम करता है, इसलिए उसने बाजार से मज़ाक के तौर पर “हत्यारा” लिखा टी-शर्ट खरीदा था और उसे पहनता था।

उसने कहा कि उसकी स्कूटी इलेक्ट्रिक है, इस कारण नंबर प्लेट नहीं लगाई जा सकती थी, इसलिए उसने अपनी पसंद से ‘420’ लिखा स्टिकर लगवा लिया। लखन ने पुलिस को बताया कि उसे “420 नंबर” का शौक है और वह रोजाना मार्केट में खरीददारी या काम से जाता रहता है।

डबुआ थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि युवक की हरकतों से लोगों में डर फैल रहा था, कई लोगों ने फोन कर शिकायत दी थी कि “हत्यारा टी-शर्ट” पहनकर घूमने वाला व्यक्ति बच्चों तक को डरा रहा है। पुलिस ने उसे राजीव नगर रोड से पकड़कर थाने लाया

पूछताछ में लखन ने अपनी गलती स्वीकार की और भरोसा दिलाया कि अब वह ऐसी टी-शर्ट नहीं पहनेगा और स्कूटी से ‘420’ लिखा स्टिकर हटा देगा। थाना प्रभारी ने कहा कि युवक के खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि यह संदेश जाए कि इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।