टायर प्लांट में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
यमुनानगर के मुकारमपुर गांव स्थित टायर प्लांट में देर रात भीषण आग लग गई। कर्मचारियों ने बाहर निकलकर जान बचाई, जबकि 16 दमकल गाड़ियों ने घंटों बाद आग पर काबू पाया। लाखों का नुकसान, साजिश की आशंका पर जांच जारी।
यमुनानगर के टायर प्लांट में भीषण आग
■ कर्मचारियों ने बाहर निकलकर बचाई जान
■ 16 दमकल गाड़ियों ने घंटों बाद पाया काबू
हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव मुकारमपुर स्थित टायर प्लांट में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयंकर थी कि इसकी ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब तीन किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई देता रहा। रात के सन्नाटे में उठती आग ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए पूरी रात कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कोशिशों के बाद सुबह जाकर हालात नियंत्रित किए जा सके।
सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्लांट में मौजूद कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि आग ने प्लांट में रखे टायरों के बड़े स्टॉक को पूरी तरह राख में बदल दिया, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्लांट के मालिक मुसलीन के अनुसार, 21 अप्रैल से फैक्ट्री बंद थी और केवल मजदूर ही मौजूद थे। देर रात करीब 3 बजे मजदूरों ने टायरों के ढेर में आग लगती देखी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरा स्टॉक इसकी चपेट में आ गया।
मजदूरों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सभी प्रयास नाकाम साबित हुए। मौके पर पहुंचे मालिक ने दावा किया कि यह घटना सामान्य नहीं बल्कि साजिश हो सकती है। उनका कहना है कि आग केवल स्टॉक वाले हिस्से में लगी, जबकि मशीनें सुरक्षित रहीं, जो कई सवाल खड़े करती है।
मालिक ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग पहले से फैक्ट्री बंद कराने की धमकियां दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते फायर ब्रिगेड पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
आग में करीब 8 हजार क्विंटल टायर जलकर खाक हो गए और एक ट्रैक्टर भी इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन आग लगने के कारणों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। प्रशासन हर एंगल से जांच कर रहा है कि यह हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा।
pooja