दोस्त को छोड़ने जा रहे युवक, सड़क हादसा और दोनों की मौत...

यमुनानगर के भंगेड़ा गांव के पास बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। एक मृतक की तीन माह पहले शादी हुई थी।

दोस्त को छोड़ने जा रहे युवक, सड़क हादसा और दोनों की मौत...
  • भंगेड़ा गांव के पास भीषण सड़क हादसा
  • बाइक-ट्रैक्टर ट्रॉली की सीधी टक्कर, दो युवकों की मौत
  • एक मृतक की तीन माह पहले हुई थी शादी


शनिवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव भंगेड़ा के पास बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सीधे सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोटें लगने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

पुलिस ने मृतकों की पहचान भंगेड़ा निवासी 27 वर्षीय अनुज शर्मा और मुजाफत कलां निवासी 35 वर्षीय सतपाल के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक अनुज अपने दोस्त सतपाल को उसके घर छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वे गांव भंगेड़ा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के बाद ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

बताया गया है कि मृतक अनुज शर्मा की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। वह पेशे से डेंटल का काम करता था और अपनी खुद की दुकान खोलने की तैयारी में जुटा हुआ था। इसी सिलसिले में वह अपने दोस्त सतपाल के साथ मुजाफत कलां में डेंटल क्लिनिक की तलाश कर रहा था। हादसे ने दोनों युवकों के भविष्य की सभी योजनाओं पर विराम लगा दिया।