धर्मेंद्र हुड्डा के आरोपों के बीच सपना के समर्थन में उतरे वीर साहू,बोले- ये हमारा निजी मामला
सपना चौधरी विवाद के बीच वीर साहू ने धर्मेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके और सपना के रिश्ते निजी हैं। महम खाप पंचायत में युवाओं की भागीदारी पर भी अपनी बात रखी।
- वीर साहू ने कहा कि सपना चौधरी से जुड़ा उनका रिश्ता पूरी तरह निजी मामला है
- धर्मेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए बोले, खाप मंच पर निजी खुंदक निकालना गलत
- महम चौबीसी खाप पंचायत में युवाओं की राय को भी महत्व देने की मांग उठाई
हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी से जुड़े विवाद के बीच उनके पति वीर साहू पहली बार खुलकर सामने आए हैं। रोहतक के महम चौबीसी में आयोजित खाप पंचायत के बाद उन्होंने विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके और सपना चौधरी के बीच का रिश्ता पूरी तरह निजी मामला है और किसी को भी इसमें दखल देने का अधिकार नहीं है।
वीर साहू ने धर्मेंद्र हुड्डा के हालिया वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खाप पंचायत जैसे सम्मानित मंच का इस्तेमाल निजी खुंदक निकालने या राजनीतिक लाभ लेने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खाप के मंच पर आकर अपनी व्यक्तिगत दुश्मनी निकालता है, उससे ज्यादा जलील कोई नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र हुड्डा लंबे समय से सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन सार्वजनिक मंच पर भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन उसकी भी एक गरिमा और तरीका होना चाहिए। वीर साहू ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी धर्मेंद्र हुड्डा से कोई निजी बातचीत या संपर्क नहीं है।
हमारे बीच प्यार हो या विवाद, यह निजी मामला
सपना चौधरी के साथ रिश्ते को लेकर पूछे गए सवाल पर वीर साहू ने कहा कि उनके बीच प्यार है, विवाद है या कोई और स्थिति, यह पूरी तरह उनका निजी मामला है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि महादेव और माता पार्वती के बीच भी मतभेद होते थे। इसलिए किसी वैवाहिक रिश्ते को सार्वजनिक बहस का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
खापों की आड़ में निजी एजेंडा नहीं चले
वीर साहू ने कहा कि कुछ लोग खाप पंचायतों की आड़ लेकर अपने निजी स्वार्थ और पुरानी खुंदक निकालने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि खापों ने हमेशा उनका साथ दिया है और इसलिए वह भी खाप के सम्मान में पंचायत में पहुंचे थे। उन्होंने याद दिलाया कि उनके बेटे के जन्म के समय भी खाप उनके साथ मजबूती से खड़ी थी।
युवाओं की बात भी सुनी जानी चाहिए
खाप पंचायत में युवाओं की ओर से बोलते हुए वीर साहू ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य नई पीढ़ी को सही दिशा देना है, लेकिन युवाओं को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इसी वजह से कुछ युवा पंचायत छोड़कर चले गए। उन्होंने सभी पक्षों से संवाद बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि हर कोई राम बनने की कोशिश कर रहा है, लेकिन किसी को लक्ष्मण बनने की भी जरूरत है।
धर्मेंद्र हुड्डा के वीडियो से शुरू हुआ विवाद
हाल ही में धर्मेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सपना चौधरी पर हरियाणा में अश्लीलता फैलाने और युवाओं को गलत दिशा देने के आरोप लगाए थे। वीडियो में उन्होंने सपना चौधरी के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और कई गंभीर आरोप भी लगाए। इसी विवाद के बाद इस मुद्दे पर चर्चा के लिए महम चौबीसी में खाप महापंचायत आयोजित की गई।
सपना चौधरी ने पोस्ट से दिया था जवाब
विवाद के बीच सपना चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा था कि सुंदरता केवल ध्यान आकर्षित करती है, लेकिन अच्छा चरित्र लोगों का दिल जीतता है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे धर्मेंद्र हुड्डा के बयान से जोड़कर देखा गया।
पहले से चल रहा है पारिवारिक विवाद
सपना चौधरी और वीर साहू के बीच पारिवारिक विवाद पहले से अदालत तक पहुंच चुका है। सपना चौधरी ने दिल्ली की द्वारका कोर्ट में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत याचिका दाखिल की थी। अदालत ने अंतरिम आदेश में वीर साहू को सपना चौधरी से संपर्क नहीं करने और उनके घर या कार्यस्थल के आसपास नहीं जाने के निर्देश दिए थे। मामले की सुनवाई अभी न्यायालय में लंबित है।
pooja