सरपंच से शराब के लिए मांगे ₹800, मना किया तो रास्ते में उतारा; दोनों पुलिसकर्मी लाइनहाजिर

जींद में डायल 112 के पुलिसकर्मियों पर सरपंच से शराब के लिए ₹800 मांगने और पैसे न देने पर सुनसान जगह उतारने का आरोप लगा है।

सरपंच से शराब के लिए मांगे ₹800, मना किया तो रास्ते में उतारा; दोनों पुलिसकर्मी लाइनहाजिर

डायल 112 के पुलिसकर्मियों पर सरपंच से शराब के लिए ₹800 मांगने का आरोप
पैसे देने से मना किया तो सुनसान जगह उतारा, बोले- ऐसे नंगड़ सरपंच होते हैं
SP ने दोनों पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए


हरियाणा के जींद में डायल 112 के दो पुलिसकर्मियों पर गांव के सरपंच से शराब के लिए ₹800 मांगने का आरोप लगा है। सरपंच का कहना है कि उन्होंने पैसे देने से मना किया तो पुलिसकर्मी उन्हें अपने साथ ले गए और रात करीब साढ़े 8 बजे रास्ते में एक सुनसान जगह पर उतार दिया।

सरपंच के मुताबिक, वहां से जाते समय पुलिसकर्मियों ने उनसे कहा, “ऐसे नंगड़ सरपंच होते हैं।” मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया है और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। दोनों पुलिसकर्मियों का रात में ही सिविल अस्पताल में मेडिकल भी कराया गया।

सरपंच रामकुमार ने कहा कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

अनजान व्यक्ति गांव में आया तो बुलाई गई डायल 112

रधाना गांव के सरपंच रामकुमार ने बताया कि रात के समय एक अनजान व्यक्ति गांव में आया था। इसके बाद गांव की ओर से डायल 112 की टीम को बुलाया गया। पुलिसकर्मी उस व्यक्ति को अपने साथ यूनिवर्सिटी चौकी ले गए।

रामकुमार के अनुसार, रात में चौकी इंचार्ज ने उस व्यक्ति को ईक्कस स्थित वृद्ध आश्रम में छोड़ने की बात कही। इसके बाद वह भी पुलिसकर्मियों के साथ उस व्यक्ति को आश्रम छोड़ने के लिए चला गया।

वापस लौटते समय रास्ते में शराब के लिए मांगे ₹800

रामकुमार ने बताया कि आश्रम में उस व्यक्ति को छोड़ने के बाद वह पुलिसकर्मियों के साथ वापस चल पड़े। आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें अनाज मंडी होते हुए किनाना गांव की ओर लेकर गए।

रास्ते में पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछा कि क्या वह शराब पीते हैं। रामकुमार ने शराब पीने से इनकार कर दिया। उनके मुताबिक, इसी दौरान पुलिसकर्मी गाड़ी में शराब और खाने का सामान रख रहे थे।

इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें शराब के ठेके के पास ले गए और आरोप है कि शराब खरीदने के लिए ₹800 देने को कहा। रामकुमार ने पैसे देने से मना कर दिया।

पैसे देने से इनकार किया तो रास्ते में उतार दिया

रामकुमार के अनुसार, पैसे देने से मना करने के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें अपने साथ आगे ले जाने के बजाय रात करीब साढ़े 8 बजे रास्ते में ही उतार दिया।

सरपंच का आरोप है कि उन्हें उतारते समय पुलिसकर्मियों ने कहा, “ऐसे नंगड़ सरपंच होते हैं।” इसके बाद रामकुमार ने अपने बेटे को फोन कर मौके पर बुलाया।

कुछ देर बाद गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। रामकुमार ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जींद सिविल अस्पताल में पहुंचे रधाना गांव के लोग।

रात में सिविल अस्पताल पहुंचाए गए पुलिसकर्मी

मामला सामने आने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों का रात में ही जींद सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया। वहीं रधाना गांव के लोग भी सिविल अस्पताल पहुंचे।

सरपंच रामकुमार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आरोप सही पाए जाने पर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

SP ने दोनों को किया लाइनहाजिर, जांच के आदेश

पुलिस प्रवक्ता राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने मामले में तत्काल कार्रवाई की है। उन्होंने EHC जयशंकर शर्मा और SPO प्रदीप को लाइनहाजिर कर दिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले में सरपंच की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।