CM नायब सैनी का बड़ा एक्शन, वीटा मिल्क प्लांट के तत्कालीन CEO सस्पेंड

सिरसा ग्रीवेंस मीटिंग में CM नायब सैनी ने वीटा मिल्क प्लांट के तत्कालीन CEO भागीरथ को सस्पेंड किया। 15 शिकायतों में तीन पर जांच और कार्रवाई के आदेश दिए।

CM नायब सैनी का बड़ा एक्शन, वीटा मिल्क प्लांट के तत्कालीन CEO सस्पेंड

हरियाणा CM ने वीटा मिल्क प्लांट के तत्कालीन CEO भागीरथ को किया सस्पेंड
ग्रीवेंस मीटिंग में 15 शिकायतें पहुंचीं, तीन मामलों में CM ने जांच और कार्रवाई के आदेश दिए
महिला फरियादी चक्कर खाकर गिरीं, कलाकारों को धमकियों के सवाल पर CM ने नहीं दिया जवाब


 मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को सिरसा में आयोजित ग्रीवेंस मीटिंग के दौरान वीटा मिल्क प्लांट के तत्कालीन CEO भागीरथ को सस्पेंड करने के आदेश दिए। भागीरथ पर दूध रिजेक्ट करने से जुड़ी शिकायत में कार्रवाई हुई है। फिलहाल वह मिल्क प्लांट में MIS इंचार्ज की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

बरनाला रोड स्थित पंचायत भवन में हुई ग्रीवेंस मीटिंग में कुल 15 शिकायतें रखी गईं। इनमें से मुख्यमंत्री ने तीन शिकायतों पर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, किसानों ने सिरसा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी उठाई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी फसल की स्थिति ठीक है और फसल के नुकसान की जांच कराई जाएगी।

मीटिंग के दौरान पंचायत भवन के बाहर एक बुजुर्ग महिला फरियादी चक्कर खाकर जमीन पर गिर गईं। महिला के बेटों पर उनकी जमीन अपने नाम कराने और उन्हें घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया गया है।

मीटिंग खत्म होने के बाद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से हरियाणवी कलाकारों को मिल रही धमकियों को लेकर भी सवाल किया, लेकिन मुख्यमंत्री ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।

मीटिंग में फरियादियों से बात करते सीएम नायब सैनी।

दूध रिजेक्ट करने की शिकायत पर तत्कालीन CEO पर कार्रवाई

ग्रीवेंस मीटिंग में गांव करीवाला निवासी भूपेंद्र सिंह ने सिरसा मिल्क प्लांट से संबंधित शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी।

शिकायत के मुताबिक, अगस्त 2025 में BMC करीवाला से मिल्क प्लांट ने दूध लिया था। बाद में दूध में कास्टिक की मात्रा अधिक होने की बात कहते हुए उसे रिजेक्ट कर दिया गया।

शिकायत में बताया गया कि BMC प्रधान निशान सिंह ने इस संबंध में प्लांट के CEO से बातचीत की थी। आरोप है कि उस दौरान उन्हें कथित तौर पर कहा गया कि BMC का दूध पास नहीं किया जाता

शिकायतकर्ता के अनुसार, दूध वापस करने के बजाय उसे ड्रेन करवा दिया गया। भूपेंद्र सिंह ने अन्य BMC सेंटरों के दूध से जुड़े मामलों को भी मुख्यमंत्री के सामने उठाया।

शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कार्रवाई करते हुए मिल्क प्लांट के तत्कालीन CEO भागीरथ को सस्पेंड करने के आदेश दिए। भागीरथ वर्तमान में प्लांट में MIS इंचार्ज की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

फरियाद लेकर आई महिला चक्कर खाकर जमीन पर गिर गईं।

पड़ोसियों के विवाद में भी जांच के आदेश

ग्रीवेंस मीटिंग में एक शिकायत दो पड़ोसियों के बीच विवाद से जुड़ी सामने आई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर CCTV कैमरे तोड़ने और मारपीट करने के आरोप लगाए।

इस मामले में ASP आदर्शदीप सिंह ने पुलिस की ओर से मुख्यमंत्री को मामले की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है।

पूरी जानकारी सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

किसानों ने सिरसा को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग रखी

मीटिंग में किसानों की ओर से सिरसा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी रखी गई।

इस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिले में नहरी पानी ठीक आ रहा है। उन्होंने माना कि बारिश कम हुई है, लेकिन फिलहाल फसल ठीक स्थिति में है और उतना नुकसान नहीं हुआ है

मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल की स्थिति की जांच कराई जाएगी। अगर जांच में नुकसान सामने आता है तो सरकार की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे

सिरसा में मीडिया के सवालों का जवाब देते सीएम नायब सैनी।

शिकायत लेकर पहुंची बुजुर्ग महिला चक्कर खाकर गिरीं

मुख्यमंत्री की ग्रीवेंस मीटिंग में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पंचायत भवन पहुंचे थे। हालांकि, बैठक के एजेंडे में शामिल शिकायतकर्ताओं को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। अन्य फरियादी बाहर पार्क में इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला को चक्कर आ गया और वह जमीन पर गिर गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला।

झोरड़ रोही निवासी हरनाम कौर ने बताया कि महिला के नाम करीब तीन एकड़ जमीन थी। आरोप है कि उनके बेटों ने यह जमीन अपने नाम करवा ली और बाद में महिला को घर से बाहर निकाल दिया।

परिवार के अनुसार, महिला अपनी जमीन वापस अपने नाम कराने और आर्थिक मदद की मांग लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची थीं।

पंजाब और भाजपा की गुटबाजी पर भी CM ने दिया जवाब

मीटिंग के बाद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से पंजाब में भाजपा के बढ़ते ध्यान और कांग्रेस को लेकर सवाल किया। इस पर नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने पंजाब में झूठे वादे किए और लोगों को परेशान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने भी लोगों को बड़े सपने दिखाए और खुद को ईमानदार बताया।

भाजपा में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी में ऐसा नहीं है

उन्होंने डबवाली जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा और कालावाली से भाजपा उम्मीदवार रहे राजेंद्र देसूजोधा का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों मीटिंग में हैं, हालांकि उस समय तक राजेंद्र देसूजोधा वहां से जा चुके थे।

हरियाणवी कलाकारों को धमकियों के सवाल पर CM की चुप्पी

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से हरियाणवी कलाकारों को मिल रही धमकियों को लेकर भी सवाल किया।

हालांकि, मुख्यमंत्री ने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। यह सवाल मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान पूछा गया था।

इससे पहले ग्रीवेंस मीटिंग में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए। इनमें वीटा मिल्क प्लांट से जुड़ी शिकायत पर तत्कालीन CEO भागीरथ को सस्पेंड करने का फैसला सबसे प्रमुख रहा।