Video: 13 दिन पहले खरीदी नई थार बनी आग का गोला, 700 KM चलते ही धू-धू कर जली

कुरुक्षेत्र में 13 दिन पहले खरीदी नई थार 700 किलोमीटर चलने के बाद आग की चपेट में आ गई। मिसिंग और इंजन वार्निंग लाइट के बाद गाड़ी जलकर राख हो गई।

Video: 13 दिन पहले खरीदी नई थार बनी आग का गोला, 700 KM चलते ही धू-धू कर जली

13 दिन पहले खरीदी थार महज 700 किलोमीटर चली थी
चलते-चलते मिसिंग के बाद जली इंजन वार्निंग लाइट
आधे घंटे में बुझी आग, तब तक सिर्फ लोहे का ढांचा बचा


कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर एक नई ब्लैक थार अचानक आग का गोला बन गई। चलते समय गाड़ी पहले मिसिंग मारने लगी और इसके बाद डैशबोर्ड पर इंजन वार्निंग लाइट जल गई। गड़बड़ी का अंदेशा होने पर ड्राइवर ने अमन होटल के पास गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। वह इंजन चेक करने के लिए नीचे उतरा ही था कि बोनट की तरफ से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी थार लपटों में घिर गई। गाड़ी से धुएं का बड़ा गुब्बार उठता रहा और देखते ही देखते नई थार जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी को साइड में रोक दिया और बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

कुरुक्षेत्र के GT रोड पर नई थार में लगी आग। - Dainik Bhaskar

बराड़ा से अंबाला कोर्ट जा रहा था ड्राइवर

थार चला रहे अंशिल अग्रवाल निवासी बराड़ा, अंबाला ने बताया कि वह बराड़ा से शाहाबाद होते हुए अंबाला कोर्ट जा रहे थे। उन्हें बार एसोसिएशन के चुनाव में वोट डालने जाना था। इसी दौरान रास्ते में थार ने अचानक झटके देने शुरू कर दिए और गाड़ी मिसिंग मारने लगी।

इसके बाद डैशबोर्ड पर इंजन की लाइट जल गई। गाड़ी में आई इस परेशानी को देखते हुए अंशिल ने अमन होटल के पास थार को सड़क किनारे रोक दिया। उनका मकसद इंजन की स्थिति चेक करना था, लेकिन इससे पहले ही गाड़ी में आग लग गई।

बोनट से धुआं निकला और कुछ सेकंड में भड़क उठी आग

ड्राइवर के मुताबिक, जैसे ही वह गाड़ी से नीचे उतरे और इंजन की तरफ चेक करने के लिए बढ़े, बोनट की तरफ से धुआं और आग निकलनी शुरू हो गई। आग तेजी से बढ़ती चली गई। देखते ही देखते थार का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया।

हाईवे पर गाड़ी में आग लगते ही आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग कम होने के बजाय और भड़कती चली गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

ड्राइवर ने इंजन चेक करने के लिए थार को साइड पर लगाया। तभी थार में आग लग गई।

शाहाबाद और अंबाला से पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां

शाहाबाद फायर स्टेशन के कर्मी आशीष कुमार ने बताया कि करीब 12 बजे कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अंबाला और शाहाबाद से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दोनों टीमों ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक आग ने पूरी थार को अपनी चपेट में ले लिया था और गाड़ी बुरी तरह जल चुकी थी।

लोगों ने आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग और भड़क गई।

13 दिन पहले खरीदी थी, अब सिर्फ लोहे का ढांचा बचा

अंशिल अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने ब्लैक थार पिछले महीने 31 अगस्त को ही खरीदी थी। नई गाड़ी होने के कारण अब तक वह करीब 700 किलोमीटर ही चली थी। इतनी कम दूरी चलने के बाद ही गाड़ी के आग की चपेट में आने से वाहन पूरी तरह बर्बाद हो गया।

फायर ब्रिगेड के आग बुझाने तक गाड़ी का बॉडी, इंटीरियर और अन्य हिस्से पूरी तरह राख हो चुके थे। आखिर में केवल लोहे का ढांचा ही बचा।

मिसिंग और इंजन वार्निंग लाइट के बाद लगी आग, कारण अभी साफ नहीं

फिलहाल थार में आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गाड़ी में पहले मिसिंग की समस्या आई थी। इसके बाद इंजन वार्निंग लाइट जली और कुछ ही सेकंड बाद बोनट की तरफ से धुआं निकलने लगा। फिर आग तेजी से फैल गई।

आग किस वजह से लगी और नई गाड़ी में इतनी तेजी से आग कैसे भड़की, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।