उड़ी सेक्टर में सेना की बड़ी कामयाबी, घुसपैठ की कोशिश नाकाम जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
■ उड़ी सेक्टर में ‘ऑपरेशन DIGGI-2’ के दौरान सेना ने घुसपैठ की कोशिश विफल की
■ मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
■ एलओसी के पास बुछार इलाके में सेना और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में भारतीय सेना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया गया। सुरक्षा बलों ने आतंकी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए हैं।
सेना के अनुसार, यह आतंकी नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। समय रहते सतर्क जवानों ने उसे रोकते हुए मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, बुछार इलाके में घुसपैठ की कोशिश को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को पहले ही विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर 14 और 15 मार्च की दरमियानी रात भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया।
रात के अंधेरे में घने जंगलों के बीच जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि देखी। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर उसे चुनौती दी गई।
जैसे ही सुरक्षाबलों ने संदिग्ध आतंकी को घेरा, उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
कुछ देर चली मुठभेड़ में आतंकवादी मारा गया। सेना के अनुसार, यह आतंकी पाकिस्तान से घुसपैठ कर किसी बड़े हमले की साजिश को अंजाम देने की फिराक में था।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने मारे गए आतंकी के पास से एक एके राइफल, पिस्तौल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए। हथियारों की बरामदगी से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि आतंकवादी किसी बड़ी आतंकी वारदात की योजना बना रहा था।सेना के मुताबिक यह अभियान अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सुरक्षाबलों को शक है कि इलाके में और भी आतंकवादी मौजूद हो सकते हैं।इसी आशंका के चलते पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है और नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा को और मजबूत कर दिया गया है।
shubham