पति को ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर डालकर मारा, नर्स पत्‍नी का किसी और से चल रहा था अफेयर

तेलंगाना के निजामाबाद में पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी पर पति की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, पहले छत से धक्का दिया गया और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर मिलाया गया।

पति को ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर डालकर मारा,  नर्स पत्‍नी का किसी और से चल रहा था अफेयर

तेलंगाना के निजामाबाद में पत्नी, उसके प्रेमी और साथी पर हत्या की साजिश का आरोप

पहले छत से धक्का देने की कोशिश, फिर इलाज के दौरान ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर मिलाने का आरोप

पोस्टमॉर्टम और पुलिस जांच के बाद खुला मामला, तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में


एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक नर्स ने अपने प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर अपने 35 वर्षीय पति की कथित तौर पर हत्या कर दी। जांच में आरोप है कि पहले पति को छत से धक्का देकर मारने की कोशिश की गई। जब वह बच गया तो अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर और अन्य पदार्थ मिलाकर उसकी जान ले ली गई। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रशांत हाल ही में खाड़ी देश से अपने घर लौटे थे। घर आने के बाद उन्हें अपनी पत्नी संध्या के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।

पहले शराब पिलाई, फिर छत से धक्का देने का आरोप

पुलिस जांच के अनुसार, 30 जून को आरोपियों ने प्रशांत को कथित रूप से शराब पिलाई और उसके बाद उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें घर की छत से नीचे धक्का दे दिया गया। गंभीर चोट लगने के बावजूद प्रशांत की जान बच गई। आरोपियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाते हुए दावा किया कि वह नशे की हालत में खुद गिर गए थे।

इलाज के दौरान ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर मिलाने का आरोप

जांच में सामने आया कि आरोपी संध्या पहले एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम कर चुकी थी। पुलिस का आरोप है कि उसने अपने मेडिकल अनुभव का इस्तेमाल करते हुए अस्पताल में इलाज के दौरान पति की ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया मिला दिया। इसके बाद प्रशांत की मौत हो गई।

मां की शिकायत से खुला पूरा मामला

प्रशांत की मौत के बाद उनकी मां को घटना पर संदेह हुआ। उन्होंने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। पुलिस का दावा है कि आरोपी संध्या ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, जबकि सह-आरोपी वेंकट साई ने भी पहली हत्या की कोशिश में अपनी भूमिका स्वीकार की।यह मामला तेलंगाना के निजामाबाद जिले का है।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने संध्या, उसके कथित प्रेमी अनिल और सहयोगी वेंकट साई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की सभी परिस्थितियों और साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर रही है।