■ आपसी सहमति से तलाक, 2022 की शादी टूटी
■ फरवरी 2025 के झगड़े के बाद बढ़ा विवाद, आरोप-प्रत्यारोप लगे
■ स्वीटी बोलीं- अब करियर और गेम पर रहेगा पूरा फोकस
हरियाणा के हिसार में अर्जुन अवॉर्डी मुक्केबाज स्वीटी बूरा और कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा के रिश्ते का अंत हो गया है। दोनों ने हिसार कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक ले लिया है। इस फैसले के साथ ही पिछले एक साल से ज्यादा समय से चल रहा विवाद भी खत्म हो गया है। साल 2022 में धूमधाम से हुई इस शादी का अंत अब कानूनी रूप से हो गया है, जिसने खेल जगत में भी चर्चा पैदा कर दी है।जानकारी के अनुसार, कोर्ट में सुनवाई के दौरान स्वीटी बूरा ने साफ कहा कि अब उनका दीपक हुड्डा के साथ रहना संभव नहीं है और वह अपने करियर पर ध्यान देना चाहती हैं। वहीं दीपक ने इस पूरे मामले में कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की। दोनों के रिश्तों में दरार फरवरी 2025 में आई थी, जिसके बाद मामला लगातार विवादों और आरोपों में उलझता चला गया।
तलाक से पहले दोनों के बीच गंभीर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। स्वीटी बूरा ने पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, पासपोर्ट छीनने, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश जैसे आरोप लगाए थे। इन आरोपों के आधार पर हिसार के महिला थाने में केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा उन्होंने 50 लाख रुपए गुजारा भत्ता और 1.50 लाख रुपए मासिक खर्च की मांग भी कोर्ट में रखी थी।वहीं दूसरी ओर दीपक हुड्डा ने भी पलटवार करते हुए रोहतक में फ्रॉड की FIR दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि हिसार के सेक्टर 1-4 में खरीदे गए प्लॉट में उनके साथ धोखाधड़ी की गई और स्वीटी के परिवार ने लाखों रुपए ठगे। दीपक ने यह भी दावा किया कि नकदी और ट्रांसफर के जरिए उनसे पैसे लिए गए।
मामला उस समय और ज्यादा चर्चा में आया जब महिला थाने में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में स्वीटी को दीपक पर हमला करते देखा गया, जिसमें वह उनका गला पकड़कर झिंझोड़ती नजर आईं। हालांकि स्वीटी ने बाद में सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि वीडियो के कुछ हिस्से काटकर दिखाए गए हैं और उन्हें उकसाया गया था।इस दौरान स्वीटी ने दीपक पर निजी आरोप भी लगाए, जिससे विवाद और गहरा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और केस में कार्रवाई भी हुई। आखिरकार लंबे विवाद, कानूनी लड़ाई और सार्वजनिक आरोपों के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला लिया। अब तलाक के बाद स्वीटी बूरा ने साफ कर दिया है कि वह अपने खेल और करियर पर फोकस करेंगी।