Davis Cup: हरियाणा के छोरे ने 32 साल बाद भारत को दिलाई विदेशी जमीं पर डेविस कप में जीत
झज्जर जिले के जैतपुर गांव के खिलाड़ी सुमित नांगल ने डेविस कप में स्विट्जरलैंड को हराकर भारत को 32 साल बाद बड़ी जीत दिलाई। इस ऐतिहासिक जीत से देश और हरियाणा का मान बढ़ा।
➤ झज्जर के बेटे सुमित नांगल ने डेविस कप में रचा इतिहास
➤ स्विट्जरलैंड को हराकर भारत को दिलाई 32 साल बाद बड़ी जीत
➤ जिला खेल अधिकारी ने दी बधाई, कहा- भारत का बढ़ा मान
हरियाणा का नाम एक बार फिर खेल जगत में सुनहरी अक्षरों में दर्ज हो गया है। झज्जर जिले के जैतपुर गांव के बेटे सुमित नांगल ने लोंग टेनिस में वह करिश्मा कर दिखाया, जिसका इंतजार भारत को लंबे समय से था। डेविस कप विश्वग्रुप में खेले गए मुकाबले में सुमित ने स्विट्जरलैंड को कड़े संघर्ष में 3-2 से हराकर नया इतिहास रच दिया। भारत को यह बड़ी कामयाबी 32 साल बाद मिली है।
डेविस कप में विदेशी सरजमीं पर किसी यूरोपीय टीम को मात देने का यह ऐतिहासिक पल न केवल झज्जर जिले बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। सुमित की जीत के बाद भारतीय टीम ने विदेशी धरती पर परचम लहराया और लोंग टेनिस में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई।
झज्जर के जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सुमित नांगल को जीत की बधाई देते हुए कहा कि झज्जर का बेटा देश का गौरव बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में लोंग टेनिस का कोई प्रोफेशनल कोचिंग सेंटर तक मौजूद नहीं है, इसके बावजूद सुमित ने मेहनत और लगन से विश्वस्तरीय उपलब्धि हासिल की। अधिकारी ने कहा कि यह जीत अन्य भारतीय खिलाड़ियों के मनोबल को भी बढ़ाएगी और नई पीढ़ी को लोंग टेनिस की ओर प्रेरित करेगी।
सुमित नांगल की यह ऐतिहासिक जीत खेल जगत में हरियाणा की ताकत और जज़्बे को दर्शाती है। गांव के लोग और खेल प्रेमी इस जीत का जश्न मना रहे हैं और सुमित को "झज्जर का सितारा" कहकर सम्मानित कर रहे हैं।
Akhil Mahajan