टायर पंचर का झांसा देकर महिला का ₹2.11 लाख के जेवरों से भरा बैग लूटा, हाईवे पर सक्रिय गैंग की करतूत
सोनीपत के NH-44 पर टायर पंचर का झांसा देकर बाइक सवार बदमाशों ने महिला का ₹2.11 लाख के जेवरों से भरा बैग लूट लिया। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
➤ सोनीपत के NH-44 पर टायर पंचर का झांसा देकर दंपती को बनाया शिकार
➤ महिला का बैग लेकर फरार हुए बदमाश, ₹2.11 लाख के जेवर और नकदी गायब
➤ बैग और मोबाइल मिले, पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर गैंग की तलाश में जुटी
हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 पर टायर पंचर गैंग ने एक दंपती को अपना शिकार बना लिया। बाइक सवार बदमाशों ने पहले कार के टायर की ओर इशारा कर वाहन रुकवाया और फिर महिला का बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 2.11 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 10 से 12 हजार रुपए नकद रखे थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुखदेव ढाबे से लौट रहे थे दंपती
पीड़ित सोहन लाल कौशिक, जो गुरुग्राम के सेक्टर-38 निवासी और बीजेपी के महामंत्री हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी ममता कौशिक के साथ 15 जुलाई की रात करीब 9 बजे सुखदेव ढाबा से खाना खाकर दिल्ली लौट रहे थे। जब उनकी कार अंसल प्लाजा, कुंडली के पास पहुंची तो पीछे से आए एक बाइक सवार ने कार के टायर की ओर इशारा किया। कुछ दूरी आगे दूसरे बाइक सवार ने भी वही संकेत दिया, जिससे उन्हें टायर पंचर होने का शक हुआ।
टायर देखते ही बदमाश ने छीना बैग
दंपती ने सड़क किनारे कार रोककर टायर की जांच की। जब दोनों वापस कार में बैठने लगे, तभी एक बदमाश महिला के हाथ से बैग छीनकर भाग निकला। सोहन लाल ने आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह पहले से इंतजार कर रहे अपने साथी की बाइक पर बैठकर रॉन्ग साइड से फरार हो गया।
पीड़ित ने गैंग की रेकी का जताया शक
सोहन लाल कौशिक ने दावा किया कि घटना से पहले एक संदिग्ध बाइक सवार लगातार उनकी कार की रेकी कर रहा था। उन्होंने उसका फोटो भी अपने मोबाइल से लिया है। उनका कहना है कि हाईवे पर सक्रिय यह गैंग वाहन चालकों को टायर पंचर होने का भ्रम पैदा कर गाड़ी रुकवाता है और मौका मिलते ही लूट की वारदात को अंजाम देता है।
बैग और मोबाइल मिले, जेवर व नकदी गायब
घटना के कुछ समय बाद पीड़ितों को उनका बैग और मोबाइल फोन मिल गया, लेकिन बैग में रखे दो जोड़ी सोने के कानों के बाले, सोने की नथ, नाक की पिन और 10 से 12 हजार रुपए नकद गायब मिले। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब 2.11 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित का बयान दर्ज किया। कुंडली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फरार बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।
Akhil Mahajan