मनाली से मस्‍ती करके लौट रहे थे पांच दोस्‍त, सोनीपत में कार को ट्रक ने मारी टक्‍कर, दो की मौत

सोनीपत के गन्नौर में मनाली से गुरुग्राम लौट रहे पांच दोस्तों की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मनाली से मस्‍ती करके लौट रहे थे पांच दोस्‍त, सोनीपत में कार को ट्रक ने मारी टक्‍कर, दो की मौत

मनाली से गुरुग्राम लौट रहे 5 दोस्तों की कार को ट्रक ने मारी टक्कर

2 युवकों की मौत, 3 गंभीर घायल; अज्ञात ट्रक चालक पर केस दर्ज

एनएच-44 पर फिर हुआ भीषण हादसा, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस


हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में दिल्ली-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सभी युवक मनाली घूमकर गुरुग्राम लौट रहे थे। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल एक के शव का पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार, गन्नौर के गढ़ी कला फ्लाईओवर के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात ट्रक ने कार के बाईं ओर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एक युवक कार के अंदर फंस गया, जबकि दूसरा सड़क पर बेहोश पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने आर्यन और सागर गोयल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अश्विन साजी, धनजीत यादव और अभिनव श्रीवास्तव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।

शव को एंबुलेंस से लेकर जाते हुए।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अश्विन साजी, जो मूल रूप से केरल के रहने वाले हैं और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में प्रबंधक हैं, अपने चार दोस्तों के साथ 1 जुलाई को गुरुग्राम से मनाली घूमने गए थे। शनिवार सुबह सभी नेक्सॉन कार से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

हादसे का शिकार हुए पांचों दोस्त अलग-अलग राज्यों से थे, लेकिन सभी गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। मृतक आर्यन महाराष्ट्र के मुंबई निवासी थे, जबकि सागर गोयल उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले थे। घायल धनजीत यादव लखनऊ, अभिनव श्रीवास्तव बलरामपुर और अश्विन साजी केरल के निवासी हैं।

हादसे में क्षतिग्रस्त कार।

जांच अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-44 पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस हाईवे पर आए दिन लोगों की जान जा रही है। लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।