सोनीपत में STF और बदमाशों की मुठभेड़, दो को लगी गोली झज्जर अपहरण केस के आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत में STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में झज्जर अपहरण केस से जुड़े 5 आरोपी गिरफ्तार किए गए। फायरिंग में दो बदमाश घायल हुए और पुलिस ने हथियार बरामद किए।

सोनीपत में STF और बदमाशों की मुठभेड़, दो को लगी गोली झज्जर अपहरण केस के आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत में STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़, फायरिंग से मचा हड़कंप
झज्जर अपहरण केस से जुड़े 5 आरोपी दबोचे, दो के पैर में गोली
पुलिस ने हथियार और बलेरो गाड़ी बरामद कर जांच तेज की


हरियाणा के सोनीपत जिले में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। झज्जर के चर्चित अपहरण मामले में पांच करोड़ की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पीछा कर रही पुलिस टीम ने आखिरकार बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। कुछ ही देर में पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा।

घायलों को खानपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, झज्जर जिले में बीडीएफ कॉलेज के मालिक के बेटे का अपहरण कर बदमाशों ने 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। इसी कड़ी में सोनीपत में बदमाशों की लोकेशन मिलने पर ऑपरेशन चलाया गया।

एसटीएफ बहादुरगढ़ की टीम ने सोनीपत के मेंहदीपुर गांव के पास एक संदिग्ध बलेरो गाड़ी को रोकने की कोशिश की। लेकिन गाड़ी में सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और दोनों तरफ से गोलियां चलीं।

मुठभेड़ के दौरान चित्रांदन उर्फ मंजीत और विन्नी नाम के दो कुख्यात बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को काबू कर लिया, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।मुठभेड़ के दौरान चित्रांदन उर्फ मंजीत और विन्नी नामक दो बदमाशों के पैर में गोली लगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, चार गोलियों के खोल और एक बलेरो गाड़ी बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

घायल बदमाशों को पहले सोनीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उन्हें खानपुर रेफर किया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।