250 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, पूरे इलाके की बिजली बंद; हाईवे पर लगा 2 किलोमीटर लंबा जाम
सोनीपत के कुंडली में 250 फीट ऊंचे 220 केवी बिजली टावर पर युवक चढ़ गया। बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी, एनएच-44 पर लंबा जाम लगा और पुलिस-प्रशासन मौके पर जुटा।
➤ 250 फीट ऊंचे 220 केवी ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ा युवक, बिजली आपूर्ति तत्काल रोकी गई
➤ नेशनल हाईवे-44 पर युवक को देखने के लिए लगा करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम
➤ टावर के नीचे शराब की खाली बोतल, सैंडल और नमकीन का पैकेट मिलने से कई तरह की आशंकाएं
हरियाणा के सोनीपत के कुंडली क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 250 फीट ऊंचे 220 केवी हाई-वोल्टेज बिजली ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। बिजली की तारों के बेहद करीब युवक को बैठा देख स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही कुंडली पुलिस और बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर संबंधित लाइन की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करा दी गई।
युवक की पहचान नहीं, कारण भी स्पष्ट नहीं
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह किन परिस्थितियों में टावर पर चढ़ा। पुलिस और प्रशासन लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना भेजी गई।
पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति रोकी गई
बिजली निगम के जेई रवि कुमार के अनुसार यह ट्रांसमिशन टावर TDI के सामने स्थित है। दोपहर करीब दो बजे युवक टावर पर चढ़ा। यह 220 केवी मल्टी सर्किट ट्रांसमिशन लाइन है, जिसके नीचे 132 केवी की दूसरी लाइन भी गुजरती है। इसी लाइन से कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली की आपूर्ति होती है। किसी बड़े हादसे से बचने के लिए तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।
हाईवे पर लोगों की भीड़, लगा लंबा जाम
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) से गुजर रहे कई वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोककर युवक को देखना शुरू कर दिया। इसके चलते करीब दो किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को हटाया और वीडियो बना रहे युवकों को वहां से हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
टावर के नीचे मिले सैंडल और शराब की खाली बोतल
घटनास्थल की जांच के दौरान टावर के नीचे युवक के सैंडल, शराब की खाली बोतल, एक गिलास और नमकीन का खाली पैकेट मिला। इन सामानों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक कुछ समय तक वहीं बैठा रहा और संभवतः टावर पर चढ़ने से पहले शराब का सेवन किया। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan