सोनीपत में लव मैरिज करने वाले कपल की घर में मौत, पति का शव फंदे पर मिला; पत्नी बेड के पास पड़ी थी
सोनीपत के कबीरपुर गांव में लव मैरिज करने वाले ऋतिक और सिमरन के शव घर में मिले। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की, मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
➤ सोनीपत के कबीरपुर गांव में पति-पत्नी के शव घर में मिले
➤ ऋतिक का शव फंदे पर मिला, सिमरन बेड के पास पड़ी थी
➤ दोनों ने 17 मई 2024 को परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में बुधवार को पति-पत्नी की लाश घर में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना कबीरपुर गांव की है। पति का शव फंदे पर लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी की लाश बेड के पास पड़ी थी। उसके गले में भी फंदा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
मृतकों की पहचान ऋतिक और सिमरन के रूप में हुई है। दोनों ने करीब दो साल पहले परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दोनों के सुसाइड किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच सदर थाना पुलिस कर रही है।
नई दुकान का उद्घाटन हुआ, कुछ देर बाद घर में मिले शव
परिवार के सदस्य हिमांशु ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तेवड़ी गांव निवासी ऋतिक खुद की टैक्सी चलाता था। उसने हाल ही में नई कनफेक्शनरी की दुकान खोली थी, जिसका बुधवार को ही उद्घाटन हुआ था। दुकान पर हवन भी कराया गया था।
हिमांशु के मुताबिक, हवन के बाद ऋतिक और सिमरन घर पर थे, जबकि ऋतिक के माता-पिता ड्यूटी पर गए थे। बाद में जब दोनों के फोन नहीं उठे तो परिवार के लोग घर पहुंचे। घर पहुंचने पर दोनों के शव पड़े मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। सिविल अस्पताल में मृतकों के परिजन भी मौजूद रहे।
17 मई 2024 को परिवार के खिलाफ जाकर की थी लव मैरिज
हिमांशु ने बताया कि सिमरन राठधाना गांव की रहने वाली थी। ऋतिक और सिमरन एक-दूसरे को स्कूल टाइम से जानते थे। दोनों ने 17 मई 2024 को परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी।
शादी के बाद दोनों कबीरपुर गांव में आकर रहने लगे थे। दोनों की कोई संतान नहीं थी। घटना की सूचना सिमरन के परिवार को भी दे दी गई है।
दोनों के शव घर में मिलने के बाद परिवार और आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा है। हालांकि, फिलहाल मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
जिला पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने कहा कि पति-पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। दोनों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Akhil Mahajan