सोनीपत ट्रिपल मर्डर में सनसनीखेज खुलासा, महिला पर थी आरोपी की गलत नजर

सोनीपत के कुंडली ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी महिला पर गलत नजर रखता था और विरोध करने पर तीन लोगों की हत्या कर दी।

सोनीपत ट्रिपल मर्डर में सनसनीखेज खुलासा, महिला पर थी आरोपी की गलत नजर
  • सोनीपत ट्रिपल मर्डर में आरोपी की सनसनीखेज साजिश उजागर
  • महिला पर गलत नजर रखता था आरोपी, विरोध पर की हत्या
  • बचाने पहुंचे पड़ोसी दंपति को भी बेरहमी से मार डाला

हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ब्रह्मप्रकाश की नजर लंबे समय से महिला स्वाति पर थी और वह उसके साथ अवैध संबंध बनाना चाहता था। जब उसकी मंशा पूरी नहीं हुई तो उसने सनक और बदले की भावना में तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पड़ोसी होने के कारण स्वाति के घर के आसपास अक्सर आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसने परिवार के करीब आने की कोशिश की। जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले साल भी आरोपी जबरदस्ती महिला के घर में घुस गया था। उस समय स्वाति ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली थी। आरोपी की जमकर पिटाई हुई थी और बाद में उसने माफी मांगी थी। परिवार का दावा है कि उस मामले में एफआईआर भी दर्ज हुई थी।

बताया जा रहा है कि रविवार रात स्वाति का पति वीरेंद्र काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। आरोपी को पहले से इस बात की जानकारी थी कि महिला घर पर अकेली है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में जबरन घर में घुस गया।

जैसे ही आरोपी घर में दाखिल हुआ, महिला ने विरोध किया और शोर मचाया। इससे गुस्साए आरोपी ने चाकू से स्वाति पर हमला कर दिया। पुलिस जांच के अनुसार, हमला इतना खतरनाक था कि महिला की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

महिला की चीख सुनकर पड़ोस में रहने वाले विजय और उनकी पत्नी सुनीता उसे बचाने के लिए पहुंचे। लेकिन आरोपी ने उन पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनकी भी मौत हो गई।

घटना के दौरान विजय की बेटी खुशी भी मौके पर पहुंची थी। परिवार के मुताबिक, उसने अपने पिता को खून से लथपथ हालत में देखा और उनकी गोद में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ट्रिपल मर्डर के बाद आरोपी अपने कमरे में जाकर आराम से खाना खाने लगा। पड़ोसियों के अनुसार, उसके चेहरे पर जरा भी डर या पछतावा नहीं था। हालांकि पुलिस सायरन की आवाज सुनते ही वह मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। लगातार छापेमारी के बाद कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी ब्रह्मप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी के मानसिक व्यवहार और अपराध के पैटर्न की भी जांच कर रही है।

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पर महाराष्ट्र और हरियाणा में पहले भी केस दर्ज रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सांपला थाने में 2008 में उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ था। आरोपी करीब 15 साल पहले गांव छोड़कर सोनीपत में रहने आया था और ट्रक ड्राइवर का काम करता था।