कोहरे में खड़े ट्रक से टकराई पुलिस अधिकारी की कार, एएसआई की मौत

सोनीपत में जम्मू कटरा नेशनल हाईवे पर कोहरे के कारण खड़े ट्रक से टकराकर अस्सिटेंट सब इंस्पेक्टर सीमा की मौत हो गई। वह जींद कोर्ट में तैनात थीं और ड्यूटी पर जा रही थीं।

कोहरे में खड़े ट्रक से टकराई पुलिस अधिकारी की कार, एएसआई की मौत

• जम्मू कटरा नेशनल हाईवे पर कोहरे में खड़े ट्रक से टकराई ASI की कार
• जींद कोर्ट में तैनात ASI सीमा की मौके पर मौत
• हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी



हरियाणा के सोनीपत जिले में जम्मू कटरा नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में अस्सिटेंट सब इंस्पेक्टर सीमा की जान चली गई। घने कोहरे के चलते उनकी इग्निस कार हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सीमा की मौके पर ही मौत हो गई।

यह हादसा सोनीपत गोहाना के पास स्थित जम्मू कटरा हाईवे पर टोल प्लाजा के नजदीक हुआ। सुबह के समय हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक को ASI सीमा की कार नहीं दिख पाई और वह उससे टकरा गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सोनीपत गोहाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसी ASI सीमा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

मृतक अस्सिटेंट सब इंस्पेक्टर सीमा जींद कोर्ट कॉम्प्लेक्स में तैनात थीं। वह सोनीपत के गांव मुरथल की रहने वाली थीं और ड्यूटी के लिए गांव मुरथल से जींद जा रही थीं।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके।