सोनीपत में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो किशोरों को कुचला, मौत

सोनीपत के गोहाना में तेज रफ्तार बस की टक्कर से दो किशोरों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, पुलिस जांच में जुटी है।

सोनीपत में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो किशोरों को कुचला, मौत

• सोनीपत में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो किशोरों को कुचला

• हादसे में 17 वर्षीय साहुल और 14 वर्षीय देवेंद्र की मौके पर मौत

• बस चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही


हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की जान चली गई। पानीपत रोड स्थित एक गौशाला के नजदीक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो नाबालिग लड़कों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 17 वर्षीय साहुल और 14 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है। दोनों सोमवार शाम गांव सैनीपुरा से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार साहुल बस के नीचे फंस गया और काफी दूरी तक घिसटता चला गया। वहीं देवेंद्र सड़क पर गिर गया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर गोहाना सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

परिजनों ने बताया कि साहुल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला था। उसका परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से गोहाना के गांव गढ़ी सराय नामदारखा में रह रहा है। साहुल मजदूरी करता था और सोमवार को मजदूरी के पैसे लेने के लिए सैनीपुरा गया था।

वहीं, देवेंद्र आठवीं कक्षा का छात्र था। परिवार के अनुसार वह सोमवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन बाद में साहुल के साथ बाइक पर सैनीपुरा चला गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी यात्रा साबित होगी।

हादसे के बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। साहुल अपने परिवार में चौथे नंबर का बेटा था। उसके परिवार में तीन भाई और एक बहन हैं। परिजनों ने बताया कि उसकी बड़ी बहन का रिश्ता तय हो चुका था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।

उधर, देवेंद्र अपने परिवार का पांचवां बेटा था। उसकी मौत के बाद परिवार में एक भाई और तीन बहनें रह गई हैं। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में अच्छा और मिलनसार स्वभाव का था।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि वह बस को घटनास्थल पर ही छोड़ गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गोहाना सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।