सोनीपत में पुलिस एनकाउंटर, खरखौदा कोर्ट हत्याकांड के तीन आरोपी घायल

सोनीपत में खरखौदा कोर्ट हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में तीनों घायल हुए और पुलिस ने 5 अवैध हथियार बरामद किए।

सोनीपत में पुलिस एनकाउंटर, खरखौदा कोर्ट हत्याकांड के तीन आरोपी घायल

सोनीपत में 9 घंटे के भीतर पुलिस की दूसरी बड़ी मुठभेड़

खरखौदा कोर्ट हत्याकांड के तीन आरोपी एनकाउंटर में घायल

एंटी गैंगस्टर यूनिट ने 5 अवैध हथियार और कारतूस किए बरामद

हरियाणा के सोनीपत में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खरखौदा कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े हुए नीरज उर्फ कातिया हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों का पुलिस से एनकाउंटर हो गया। मुठभेड़ में तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।

बताया जा रहा है कि बीते 9 घंटे के भीतर पुलिस की यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ है, जिसमें कुल पांच बदमाशों को गोली लगी है। इस कार्रवाई को एंटी गैंगस्टर यूनिट ने अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि खरखौदा कोर्ट हत्याकांड में फरार आरोपी मुरथल थाना क्षेत्र के गांव रेवली के पास छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी गैंगस्टर यूनिट ने इलाके में घेराबंदी कर दी।

पुलिस के अनुसार जब आरोपियों को सरेंडर करने के लिए कहा गया तो उन्होंने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों बदमाश घायल हो गए।

मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान नवनीत उर्फ साहिल, सोहन उर्फ काकू और साहिल उर्फ बाउ के रूप में हुई है। तीनों झज्जर जिले के गांव दुबलधन के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल उनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक 16 मई को नीरज उर्फ कातिया अपनी पत्नी के साथ दहेज मामले में कोर्ट की तारीख पर खरखौदा आया था। दोपहर करीब 12:15 बजे जब वह कोर्ट से बस स्टैंड की तरफ जा रहा था, तभी एक सफेद रंग की ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद कार से उतरे तीन युवकों ने नीरज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं। गंभीर रूप से घायल नीरज की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्ष 2009 में नीरज उर्फ कातिया ने नवनीत उर्फ साहिल के चाचा की हत्या की थी। पुलिस का मानना है कि उसी हत्या का बदला लेने के लिए कोर्ट परिसर के बाहर नीरज की हत्या की गई।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि तीन आरोपी फरार चल रहे थे। अब एनकाउंटर के बाद पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों को भी काबू कर लिया है।

इस कार्रवाई में एंटी गैंगस्टर यूनिट के कई पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस पूरे मामले को गैंगवार और पुरानी दुश्मनी के एंगल से जांच रही है।