सोनीपत में अभय चौटाला का कांग्रेस पर हमला, विनेश फोगाट मुद्दा उठा
सोनीपत में जनसभा के दौरान अभय चौटाला ने कांग्रेस पर हमला बोला, विनेश फोगाट मुद्दे पर सवाल उठाए और नगर निगम चुनाव में INLD के लिए वोट मांगे।
➤ सोनीपत में अभय चौटाला का कांग्रेस पर तीखा हमला
➤ विनेश फोगाट मुद्दे पर हुड्डा परिवार को घेरा, चुप्पी पर उठाए सवाल
➤ नगर निगम चुनाव में INLD प्रत्याशी के लिए मांगे वोट, भ्रष्टाचार पर साधा निशाना
हरियाणा के सोनीपत में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। इसी कड़ी में अभय सिंह चौटाला ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी और विपक्ष पर तीखे हमले बोले।
जनसभा को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने देश की चर्चित महिला पहलवान विनेश फोगाट को लेकर चल रही बहस पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विनेश फोगाट अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रही थीं, उस समय भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे राजनीतिक लाभ लेने में व्यस्त थे।
उन्होंने सवाल उठाया कि अब कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप क्यों है। चौटाला ने कहा कि विनेश फोगाट इस समय खुद को अकेला महसूस कर रही हैं और यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसका असर पूरे समाज पर पड़ेगा। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि ऐसी स्थिति में भविष्य में परिवार अपनी बेटियों को खेलों में भेजने से हिचकिचा सकते हैं।
इसके साथ ही अभय सिंह चौटाला ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां चुनाव के दौरान मिशनरियों का दुरुपयोग कर वोटों को प्रभावित करने की कोशिश की गई। साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी के साथ हुए व्यवहार को लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ बताया और इसे देश के लिए चिंता का विषय बताया।
इस दौरान इंडियन नेशनल लोकदल के मेयर प्रत्याशी आनंद खत्री ने भी मंच से जनता को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश और देश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हालात लगातार बिगड़ रहे हैं और अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम नजर नहीं आ रहे हैं।
आनंद खत्री ने नगर निगम पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिना लेन-देन के कोई काम नहीं होता और निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। उन्होंने जनता से अपील की कि एक बार इंडियन नेशनल लोकदल को मौका देकर शहर की समस्याओं का समाधान करने का अवसर दें।
Akhil Mahajan