सोनीपत अस्पताल में सांप समेत पहुंचा बुजुर्ग, मचा हड़कंप

सोनीपत नागरिक अस्पताल में सांप के काटने से घायल बुजुर्ग जिंदा सांप को साथ लेकर पहुंचा। मेज पर सांप रख देने से डॉक्टर और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्ग को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।

सोनीपत अस्पताल में सांप समेत पहुंचा बुजुर्ग, मचा हड़कंप
  • सोनीपत नागरिक अस्पताल में बुजुर्ग सांप समेत पहुंचा इलाज कराने
  • आपातकालीन कक्ष में जिंदा सांप देख डॉक्टर-स्टाफ में मचा हड़कंप
  • बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया

सुशील मोर 


सोनीपत के नागरिक अस्पताल में  देर रात एक अजीबोगरीब घटना ने सभी को दहशत में डाल दिया। लाल दरवाजा निवासी अनिल कुमार नामक बुजुर्ग को सांप ने घर के बाहर काट लिया। घबराए बुजुर्ग तुरंत इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनके साथ जो नजारा था उसने पूरे अस्पताल को हड़कंप में डाल दिया।

बुजुर्ग इलाज के लिए अपने साथ जिंदा सांप भी ले आए। जब डॉक्टर ने उनसे सांप के रंग के बारे में पूछा तो उन्होंने सीधा सांप को आपातकालीन कक्ष की मेज पर रख दिया। यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ कक्ष से भाग खड़े हुए। मरीज और परिजनों में भी अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि, चिकित्सकों ने हिम्मत दिखाते हुए बुजुर्ग को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इसी बीच अनिल कुमार आपातकालीन कक्ष के बाहर सांप को वहीं छोड़कर चले गए।

अचानक सांप गायब हो जाने से अस्पताल का स्टाफ पूरी रात खौफजदा रहा। सुबह होते ही अस्पताल प्रबंधन ने पूरे परिसर में सांप-नाशक दवा का छिड़काव कराया, जिसके बाद मरीजों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

अस्पताल कर्मचारियों ने कहा कि यह घटना बेहद खतरनाक थी और भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए अस्पताल में सुरक्षा उपाय किए जाने जरूरी हैं।