कार में मिला पंजाब के इंस्पेक्टर का शव

सिरसा के डबवाली में कार से पंजाब एक्साइज इंस्पेक्टर का शव मिला। सीटों के बीच फंसा शव और पास में पिस्टल मिलने से मामला संदिग्ध, पुलिस जांच जारी है।

कार में मिला पंजाब के इंस्पेक्टर का शव
  • सिरसा में कार में मिला पंजाब के इंस्पेक्टर का शव, सीटों के बीच फंसा मिला
  • पास में मिली सरकारी पिस्टल, मौत पर सस्पेंस बरकरार
  • परिवार ने जताया शक, बोले- 200KM दूर कैसे पहुंचे इंस्पेक्टर

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में पंजाब एक्साइज विभाग के एक इंस्पेक्टर का शव कार में मिलने से सनसनी फैल गई। यह कार डबवाली के पास अमृतसर-जामनगर भारतमाला रोड पर खड़ी मिली।

घटना की सूचना तब मिली जब राहगीरों ने काफी देर तक कार में कोई हलचल न होने पर पास जाकर देखा। अंदर इंस्पेक्टर का शव फ्रंट की दोनों सीटों के बीच फंसा हुआ था और सीट बेल्ट पेट पर कसी हुई थी।

मौके पर ही सरकारी पिस्टल भी पड़ी मिली, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। सूचना मिलने पर डबवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

डबवाली में भारत माला रोड पर पंजाब के मोगा में तैनात एक्साइज इंस्पेक्टर के शव को एम्बुलेंस में रखवाते हुए पुलिस कर्मी।

पुलिस ने मृतक की पहचान करमजीत सिंह (45) निवासी लुधियाना के रूप में की, जो पंजाब के मोगा में एक्साइज विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उनकी कार कालांवाली पुल के पास सड़क किनारे खड़ी मिली थी। पुलिस ने मोबाइल नंबर और आईडी कार्ड के आधार पर परिजनों को सूचना दी।

परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए कहा कि मोगा से डबवाली की दूरी करीब 200 किलोमीटर है। ऐसे में बिना किसी जानकारी के उनका वहां पहुंचना समझ से परे है।

भारतमाला रोड पर संदिग्ध गाड़ी मिलने के बाद पुलिस जांच को पहुंची और मौजूद लोग।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पिस्टल को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इंस्पेक्टर वहां कैसे पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस मौत का कारण हार्ट अटैक मान रही है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।