गब्बर बोले- मैं कोर्ट हूं, जो कह दिया, वो हो गया और कर दिया पुलिसकर्मी-लाइनमैन को सस्पेंड
सिरसा में ग्रीवेंस मीटिंग के दौरान मंत्री अनिल विज ने बिजली मीटर शिकायत पर लाइनमैन और एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया। फसल मुआवजा और वोट चोरी विवाद पर दिया बयान।
-
सिरसा में ग्रीवेंस मीटिंग पहुंचते ही मंत्री अनिल विज ने दो कर्मचारियों को किया सस्पेंड
-
बिजली मीटर मामले में विज ने कहा—‘किसी चोर ने कभी नहीं माना कि चोरी की है’
-
मंत्री विज के बयान—फसल मुआवजा और वोट चोरी आरोपों पर दिया बड़ा जवाब
सिरसा जिले में शुक्रवार दोपहर को कैबिनेट परिवहन एवं बिजली मंत्री अनिल विज कष्ट निवारण समिति की बैठक के लिए पहुंचे। बैठक में पहुंचते ही उन्होंने शिकायतें सुनीं और तुरंत कार्रवाई करते हुए एक पुलिसकर्मी और एक लाइनमैन को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए। प्रशासन की ओर से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जिले के गांव सुचान निवासी व्यक्ति ने बिजली विभाग से संबंधित शिकायत दर्ज करवाई थी। उसकी शिकायत थी कि उसका मीटर जल गया था, जिसके बाद लाइनमैन ने सीधी कुंडी जोड़कर अस्थायी सप्लाई दी थी और आश्वासन दिया था कि दो-तीन दिन में मीटर लगा दिया जाएगा, लेकिन महीनों तक मीटर नहीं लगाया गया।
इस पर मंत्री विज ने विभागीय अधिकारी को टोका और कहा—“मेरे पास शिकायत आई है, आप लाइनमैन की फेवर कर रहे हो, कोई चोर खुद नहीं कहता कि मैंने चोरी की है।” इसके बाद लाइनमैन को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।
ग्रीवेंस मीटिंग में सिरसा विधायक गोकुल सेतिया नहीं पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में लोग शिकायत लेकर मौजूद रहे। पिछली बार शिकायतों की सुनवाई अधूरी रह गई थी और इस बार उम्मीद जताई गई कि सभी लंबित प्रकरणों का समाधान किया जाएगा।
वहीं, मीडिया से बात करते हुए मंत्री विज ने फसल नुकसान के मुआवजे पर कहा—“जिन किसानों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, उनका मुआवजा दिया जा रहा है, थोड़ा समय लग सकता है।”
राहुल गांधी के वोट चोरी आरोपों पर बोले—“हर उम्मीदवार को पोलिंग बूथ पर एजेंट बैठाने की अनुमति होती है, अगर गलत वोट पड़ रहे हैं तो इनके एजेंट क्या कर रहे थे।”
मंत्री विज ने बताया कि प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
Author1