हरियाणा में CIA की बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ की नशीली गोलियां बरामद

सिरसा में CIA डबवाली ने 10 करोड़ रुपए की 2.95 लाख प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद कीं। टोल प्लाजा पर अर्टिगा कार से तस्कर को गिरफ्तार किया गया।

हरियाणा में CIA की बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ की नशीली गोलियां बरामद
  • सिरसा में 10 करोड़ की नशीली गोलियां बरामद
  • CIA डबवाली ने टोल प्लाजा पर तस्कर को दबोचा
  • रोहतक से पंजाब ले जाई जा रही थी खेप


सिरसा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ सीआईए डबवाली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपए की प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई डबवाली क्षेत्र के सावंतखेड़ा गांव के पास स्थित टोल प्लाजा पर की गई।

सीआईए डबवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल के नेतृत्व में सुभाष चंद्र और ईएसआई सीआईए की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक टैक्सी के माध्यम से भारी मात्रा में नशीला सामान पंजाब की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने टोल प्लाजा के पास पंजाब नंबर की अर्टिगा कार को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार से छह बड़े कार्टून बरामद किए गए, जिनमें कुल 2 लाख 95 हजार प्रतिबंधित नशीली गोलियां भरी हुई थीं। अंतरराज्यीय बाजार में इन गोलियों की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी यह नशीली गोलियां रोहतक से लेकर चला था और इन्हें पंजाब के मलोट क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के मुक्तसर जिले के खोखर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है और आने वाले समय में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।