हरियाणा के युवक को शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा दे कर ठगे 23.43 लाख रुपए

कैथल में राजौंद निवासी युवक से शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर 23.43 लाख रुपए की ठगी हुई। एप के जरिए मुनाफा दिखाने के बाद पैसा निकालने की कोशिश पर एप बंद हो गई। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरियाणा के युवक को शेयर मार्केट में  मुनाफे का झांसा दे कर ठगे 23.43 लाख रुपए

➤ कैथल में युवक से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 23.43 लाख रुपए ठगे
➤ मोबाइल एप के जरिए दिखाया मुनाफा, पैसे निकालने की कोशिश पर एप बंद
➤ साइबर थाना में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

कैथल – जिले के राजौंद निवासी एक युवक के साथ ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। युवक को शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया और उससे 23 लाख 43 हजार रुपए हड़प लिए गए। इस मामले में पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता सुरेश कुमार ने बताया कि अगस्त 2023 में उसके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को जयपुर निवासी सचिन बताया और शेयर मार्केट में पैसा लगाकर मुनाफा कमाने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर सुरेश ने अपने मोबाइल में "एआरके ट्रेड" नामक एप डाउनलोड कर लिया और उसमें अपने दस्तावेज अपलोड कर दिए।

शुरुआत में उसने 1 रुपया और फिर 50 हजार रुपए जमा किए तो एप में उसे मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद आरोपी कभी सचिन, कभी अजय, कभी सागर तो कभी अक्षय के नाम से उससे संपर्क करते रहे और धीरे-धीरे उसने कुल 23 लाख 43 हजार रुपए निवेश कर दिए। एप के वॉलेट में उसे मुनाफे सहित 27 लाख रुपए दिखाई दे रहे थे। लेकिन जैसे ही उसने पैसे निकालने का प्रयास किया, एप अचानक बंद हो गई और आरोपियों के सभी मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ हो गए।

साइबर थाना एसएचओ सुभ्रांशु ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल या संदिग्ध एप पर विश्वास कर निवेश न करें।