पानी नहीं आया तो महिलाओं ने विधायक के घर बोला हल्ला
पानी की किल्लत को लेकर महिलाओं ने विधायक भारत भूषण बतरा के घर पर विरोध किया। चार दिन से पानी की सप्लाई बंद, गंदे पानी की शिकायतें भी सामने आईं।
पाड़ा मोहल्ला की महिलाओं ने पानी की किल्लत पर विधायक के घर किया विरोध
चार दिन से नहीं आ रहा पानी, गंदे पानी की सप्लाई से परेशान लोग
महिलाओं ने डेढ़ घंटे तक दरवाजा खटखटाया, विधायक बोले सुबह आने का क्या मतलब
रोहतक के पाड़ा मोहल्ला में पानी की किल्लत को लेकर शुक्रवार सुबह बड़ा विरोध देखने को मिला। महिलाओं का धैर्य टूट गया और वे पार्षद कपिल नागपाल के साथ मिलकर विधायक भारत भूषण बतरा के घर पहुंच गईं। वहां उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक नारेबाजी की और पानी की समस्या को लेकर प्रशासन को घेरने का प्रयास किया।
महिलाओं का कहना था कि मोहल्ले में पिछले चार दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हो रही। जब सप्लाई आती भी है तो सुबह 3 बजे उठकर पानी भरना पड़ता है, जबकि आधा घंटा भी पानी टिकता नहीं। इतना ही नहीं, उन्हें गंदा पानी मिल रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद कोई समाधान नहीं किया जा रहा।
गुस्साई महिलाएं शुक्रवार सुबह साढ़े 4 बजे विधायक के दरवाजे पर पहुंचीं और लगातार दरवाजा खटखटाती रहीं। लेकिन सुबह 6 बजे तक विधायक बाहर नहीं निकले। विवश होकर महिलाएं नारों के बीच वापस लौट गईं।
बाद में इस मुद्दे पर विधायक भारत भूषण बतरा ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि "सुबह साढ़े 4 बजे घर आकर दरवाजा बजाने का क्या मतलब है। पानी की समस्या सुबह दरवाजा खटखटाने से हल नहीं हो सकती। दिन में आकर भी बात की जा सकती थी।" विधायक ने दावा किया कि उन्होंने अधिकारियों को पानी की समस्या का समाधान करने के निर्देश दे दिए हैं।
Akhil Mahajan