रोहतक में निजी अस्पतालों पर IT का शिकंजा देर रात अस्पताल मालिक के घर भी पहुंची जांच टीम

रोहतक में इनकम टैक्स विभाग ने एडवांटा और नवजीवन अस्पताल में रेड कर दस्तावेज खंगाले। देर रात अस्पताल मालिक के घर भी पहुंची टीम।

रोहतक में निजी अस्पतालों पर IT का शिकंजा  देर रात अस्पताल मालिक के घर भी पहुंची जांच टीम

रोहतक में IT की डबल रेड से हड़कंप: दो अस्पतालों में दिनभर छानबीन, देर रात मालिक के घर पहुंची टीम

रोहतक में दो निजी अस्पतालों पर इनकम टैक्स की रेड
दोपहर से देर रात तक दस्तावेज खंगालती रही टीम
अस्पताल मालिक के घर भी पहुंची जांच, पुलिस रही तैनात


रोहतक में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब इनकम टैक्स विभाग की टीम ने एक साथ दो निजी अस्पतालों पर दबिश दे दी। दोपहर के समय अचानक पहुंची टीम ने पहले अस्पताल परिसर को अपने नियंत्रण में लिया और फिर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी।

रोहतक के आजाद नगर में इनकम टैक्स की रेड। - Dainik Bhaskar

जानकारी के अनुसार, पावर हाउस चौक स्थित एडवांटा अस्पताल में दोपहर के समय इनकम टैक्स विभाग की टीम पहुंची। टीम ने अस्पताल प्रबंधन से जरूरी रिकॉर्ड मांगे और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस दौरान अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों पर भी निगरानी रखी गई और बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही सीमित कर दी गई।

इसी के साथ एक अन्य टीम मॉडल टाउन स्थित नवजीवन अस्पताल में पहुंची। यहां भी टैक्स चोरी से जुड़े संभावित दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकारियों से पूछताछ का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।

आजाद नगर में इनकम टैक्स की रेड।

देर रात मालिक के घर पहुंची टीम

जांच का दायरा यहीं नहीं रुका। देर रात इनकम टैक्स विभाग की टीम एडवांटा अस्पताल के मालिक के आजाद नगर स्थित आवास पर भी पहुंच गई। टीम के पहुंचते ही घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर जाने से रोक दिया गया। रेड के दौरान न तो कोई व्यक्ति घर के अंदर गया और न ही बाहर आया।

पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर तैनात रही ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। शहर में दिनभर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

हालांकि विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई टैक्स अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में की गई है।