हरियाणा में ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारकर हथियार सप्लायर बना BCom छात्र

रोहतक में CIA टीम ने विदेशी हथियारों और गोलियों के साथ एक BCom छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद विदेशी नेटवर्क के संपर्क में आया था।

हरियाणा में ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारकर हथियार सप्लायर बना  BCom छात्र

रोहतक में विदेशी हथियारों के साथ BCom छात्र गिरफ्तार, ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारकर बना सप्लायर

➤ CIA टीम ने युवक को 2 विदेशी हथियार और 8 गोलियों के साथ पकड़ा

➤ ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद विदेशी ऑपरेटर के संपर्क में आया आरोपी

➤ पुलिस जांच में खुलासा, 20 से ज्यादा बार हथियारों की सप्लाई कर चुका है छात्र

हरियाणा के रोहतक में CIA टीम ने विदेशी हथियारों की सप्लाई करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो विदेशी हथियार और आठ जिंदा गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

रोहतक के पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जनता कॉलोनी निवासी कृत के रूप में हुई है। उसके पास से एक चीनी निर्मित हथियार और एक अन्य विदेशी हथियार बरामद किया गया है। आरोपी इन हथियारों को सप्लाई करने के लिए लेकर जा रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। वह ऑनलाइन गेमिंग के दौरान बड़ी रकम हार गया था। आर्थिक दबाव और नुकसान की भरपाई के लिए वह एक विदेशी ऑपरेटर के संपर्क में आ गया और धीरे-धीरे हथियार तस्करी के नेटवर्क का हिस्सा बन गया।

एसपी के अनुसार आरोपी का काम केवल हथियारों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना था। इसके बदले उसे प्रति सप्लाई करीब एक लाख रुपए तक मिलते थे। आरोपी के पास से दो विदेशी मोबाइल नंबर भी मिले हैं।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी को मोबाइल पर मैसेज के जरिए निर्देश मिलते थे कि हथियार कहां से उठाने हैं। वह हथियार अपने पास रखता और अगला मैसेज मिलने पर तय स्थान पर पहुंचा देता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी 20 से अधिक बार हथियारों की डिलीवरी कर चुका है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के माता-पिता को उसके इस गतिविधि में शामिल होने की कोई जानकारी नहीं थी। उसकी मां एक सरकारी विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। परिवार को अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि उनका बेटा अपराध के रास्ते पर चला गया।

एसपी गौरव राजपुरोहित ने कहा कि आरोपी की जमानत करवाने वाले लोगों पर भी पुलिस विशेष नजर रखेगी। साथ ही विदेशी नेटवर्क से जुड़े उन लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है जो हथियार भेजते और प्राप्त करते हैं।

उन्होंने बताया कि रोहतक पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान तेज किया हुआ है। वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट के 66 मामलों में 76 हथियार और 106 गोलियां बरामद की गई थीं। वहीं 2026 में अब तक 68 मामलों का खुलासा करते हुए 125 हथियार और 514 गोलियां बरामद की जा चुकी हैं।