गन्नौर में ‘राष्ट्रमंदिर कामयाब संस्थान’ का शिलान्यास, मनोहर लाल बोले- भविष्य की नींव
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गन्नौर में ‘राष्ट्रमंदिर कामयाब संस्थान’ का शिलान्यास किया। उपाध्याय गुप्तिसागर महाराज की पहल से युवाओं को नि:शुल्क शिक्षा, संस्कार और प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी मिलेगी।
केंद्रीय ऊर्जा व आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को गन्नौर स्थित जैन तीर्थ गुप्तिधाम पहुंचकर वहां बनने वाले ‘राष्ट्रमंदिर कामयाब संस्थान’ का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रसंत, महायोगी उपाध्याय गुप्तिसागर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनकी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाली इस पहल की सराहना की। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उपाध्याय गुप्तिसागर गुरूदेव की यह पहल भारत के भविष्य की नींव तैयार करेगी क्योंकि यहां ऐसे प्रशासनिक अधिकारी तैयार होंगे, जिनके अंदर समाज के प्रति सेवा भाव होगा। ‘राष्ट्रमंदिर कामयाब संस्थान’ में पढऩे वाले युवा किताबी शिक्षा के साथ-साथ यहां संस्कारों व देशभक्ति की शिक्षा ग्रहण करेंगे। यहां पर युवाओं को ईमानदारी व सदाचार से देश की सेवा करने की शिक्षा दी जाएगी ताकि वे भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवाएं देश की एकता, अखंडता और सुशासन की गारंटी है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी शासन-प्रशासन की रीढ़ हैं और राष्ट्र की प्रगति को सुनिश्चित करने के लिए स्टील के ढांचे की तरह मजबूती से कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का दायित्व केवल नीतियों का क्रियान्वयन करना ही नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और विकासोन्मुख प्रशासनिक तंत्र को सुदृढ़ बनाना भी है। उन्होंने बताया कि चाहे कोई भी परिस्थिति हो, प्रशासिनक अधिकारियों को अधिकारी भाव की बजाय सेवा भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए क्योंकि वहीं राष्ट्र की एकता व अखंडता की असली ताकत है। बाक्स छह मंजिला भवन में बनाएं जायेंगे 75 कमरे उपाध्याय गुप्ति सागर महाराज ने कहा कि ‘राष्ट्रमंदिर कामयाब संस्थान’ में जरूरतमंद मेधावी विधार्थियों को संस्कार आधारित स्तरीय शिक्षा, आवास व भोजन नि:शुल्क उपलब्ध कराया जायेगा।
विशेषज्ञों द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा की तैयारी कराई जाएगी। उिन्होंने कहा कि शुरूआत में छह मंजिला भवन में 75 कमरे बनाएं जाएंगे। इनमें से 52 कमरे विद्यार्थियों के लिए होंगे जिसमें 104 प्रतिभागी रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण करीब ड़ेढ साल में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने भवन निर्माण में सहयोग के इच्छुक लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धन उसका नहीं, जिसके पास है। बल्कि उसका है जो उसका उपयोग करता है। समारोह को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, केंद्रीय हिंदू परिषद संरक्षक दिनेश, ब्रह्मचारिणी रंजना शास्त्री, गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान, सोनीपत विधायक निखिल मदान, सोनीपत मेयर राजीव जैन, पूर्व मंत्री कविता जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गन्नौर मार्केट कमेटी के चेयरमैन निशांत छौक्कर, गुप्ति सागर ट्रस्ट के पदाधिकारी यूसी जैन, सुरेश जैन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Akhil Mahajan