करारा जवाब: जिस राफेल पायलट को पकड़ने का पाकिस्तान ने किया था दावा, उन्हीं के साथ राष्ट्रपति ने खिंचवाई तस्वीर
भारत ने पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश कर दिया। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस महिला पायलट शिवांगी सिंह को पकड़े जाने का दावा पाकिस्तान ने किया था, उन्हीं के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबाला एयरबेस पर तस्वीर खिंचवाकर सच्चाई उजागर की।
➤ राष्ट्रपति मुर्मू ने राफेल उड़ाने से पहले उन्हीं शिवांगी सिंह के साथ ली तस्वीर
➤ ऑपरेशन सिंदूर में पकड़े जाने का किया था झूठा दावा, भारत ने दिया करारा जवाब
नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान के झूठ की एक तस्वीर से ही हवा निकाल दी। जिस दौरान भारत ने पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, उसी वक्त पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने भारतीय महिला फाइटर पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह को पकड़ लिया है। लेकिन बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से राफेल फाइटर जेट में उड़ान भरने से पहले उन्हीं शिवांगी सिंह के साथ तस्वीर खिंचवाकर पाकिस्तान के सारे झूठे दावों को धराशायी कर दिया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने फ्लाइट सूट पहनकर जवानों की परेड का निरीक्षण किया और फिर राफेल में सवार हुईं। उनके साथ एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह और ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति ने जी-सूट और विशेष फ्लाइट गॉगल्स पहनकर सुबह 11:27 बजे उड़ान भरी, जो करीब 30 मिनट तक चली। विमान ने समुद्र तल से 15,000 फीट की ऊंचाई पर और 700 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी।
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति जिस विमान में सवार थीं, उसे ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने उड़ाया। उनके पीछे एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह दूसरे राफेल विमान से उन्हें एस्कॉर्ट कर रहे थे।
इस तस्वीर के सामने आते ही पाकिस्तान के झूठे दावे की सच्चाई पूरी दुनिया के सामने आ गई। पाकिस्तान ने मई 2025 में दावा किया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय फाइटर जेट गिराया गया और पायलट शिवांगी सिंह को पकड़ लिया गया, लेकिन भारत ने इसे तुरंत फर्जी बताया था। अब यह तस्वीर भारत के आत्मविश्वास और उसकी बेटियों के पराक्रम की प्रतीक बन चुकी है।
शिवांगी सिंह कौन हैं?
वाराणसी की रहने वाली शिवांगी सिंह भारतीय वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट हैं। वह एनसीसी से जुड़कर एयरफोर्स में आईं और 2017 में देश की पहली पांच महिला फाइटर पायलटों में शामिल हुईं। उन्होंने मिग-21 से अपने करियर की शुरुआत की और अब राफेल स्क्वाड्रन गोल्डन ऐरो का हिस्सा हैं। शिवांगी ने पहले विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के साथ भी राजस्थान एयरबेस पर काम किया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम रिकॉर्ड
राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले भी 2023 में असम के तेजपुर एयरबेस से सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान भर चुकी हैं। वह ऐसा करने वाली भारत की पहली महिला राष्ट्रपति हैं। उनसे पहले केवल एपीजे अब्दुल कलाम और प्रतिभा पाटिल ने ही लड़ाकू विमान उड़ाया था।
इस उड़ान के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि यह अनुभव भारतीय वायुसेना की कुशलता, साहस और तकनीकी क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने जवानों के जज्बे और देशभक्ति को सलाम किया।
Author1