प्रयागराज में ट्रेनी विमान तालाब में गिरा, मची अफरा-तफरी, शहर के बीच हुए विमान हादसे से दहशत, तेज धमाके की आवाज

प्रयागराज में ट्रेनी विमान शहर के बीच तालाब में गिर गया। हादसे से पहले तीन लोगों ने पैराशूट से कूदकर जान बचाई। दोनों पायलट सुरक्षित हैं। जांच जारी है।

प्रयागराज में ट्रेनी विमान तालाब में गिरा, मची अफरा-तफरी,  शहर के बीच हुए विमान हादसे से दहशत, तेज धमाके की आवाज
  • प्रयागराज में ट्रेनी विमान शहर के बीच तालाब में गिरा
  • हादसे से पहले तीन लोगों ने पैराशूट से कूदकर बचाई जान
  • विमान में फंसे दोनों पायलट सुरक्षित रेस्क्यू किए गए


प्रयागराज में बुधवार को उस समय बड़ा विमान हादसा हो गया, जब एक ट्रेनी विमान उड़ान के दौरान संतुलन खोकर शहर के बीचों-बीच तालाब में गिर गया। यह हादसा केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में हुआ। विमान गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वह नीचे गिर पड़ा। हालांकि, हादसे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एयरक्राफ्ट क्रैश होने से पहले तीन लोग पैराशूट के जरिए कूद गए, जो पास के तालाब में जा गिरे। तालाब में दलदल होने के कारण वे फंस गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में सेना का हेलिकॉप्टर भी मौके पर पहुंच गया

बताया जा रहा है कि जिस तालाब में विमान गिरा, वहां चारों तरफ घनी जलकुंभी उगी हुई है, जिसके चलते रेस्क्यू टीम को विमान तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान में कुल कितने लोग सवार थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान विमान में फंसे दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों पायलटों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही सेना और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।